पवित्र रिश्ता को हुए 12 साल, अंकिता लोखंडे को आई सुशांत की याद, कहा ‘सुशांत के बिना सब अधूरा…’

Summary :

टीवी सीरियल ‘पवित्र रिश्ता’ के 12 साल पूरे होते ही एक्ट्रेस अंकिता लोखंडे काफी इमोशनल हो गईं और उन्होंने सुशांत सिंह राजपूत के फैंस के लिए एक खास मैसेज भी भेजा है।

एकता कपूर का शो पवित्र रिश्ता अभी भी दर्शकों के दिलों में बसा हुआ है। इस शो की शुरुआत साल 2008 में हुई थी और साल 2014 तक ये शो टीवी पर ऑनएयर हुआ था। पवित्र रिश्ता से सुशांत सिंह राजपूत और अंकिता लोखंडे ने घर-घर में अपनी एक अलग पहचान बना ली थी। दोनों की जोड़ी को बहुत पसंद किया जाता था और इसी से दोनों बहुत फेमस हुए थे। आज इस शो को 12 साल पूरे हो गए हैं। शो के 12 साल पूरे होने पर अंकिता ने एक वीडियो शेयर किया है। 
 इस खुशी में अंकिता लोखंडे ने फैंस के साथ कुछ पुरानी यादें साझा की हैं। अंकिता लोखंडे ने ‘पवित्र रिश्ता’ की थीम का एक केक के साथ फैंस का शुक्रिया अदा किया है। साथ ही एक्ट्रेस ने सुशांत सिंह राजपूत को याद करते हुए ये भी कहा है कि उनके बिना सब कुछ अधूरा है और इस शो को तो उनके बिना इमेजिन ही नहीं किया जा सकता है। इस वीडियो में अंकिता लोखंडे ने दिल छू लेने वाली बातें कही हैं।
 इस वीडियो में शो के पुराने सीन्स दिखाए गए हैं । जिसमें सुशांत, अंकिता पूरी कास्ट के साथ नजर आ रहे हैं। कुछ दोनों के रोमांटिक सीन हैं तो कुछ में दोनों मस्ती करते नजर आ रहे हैं। अंकिता के द्वारा शेयर किया हुआ वीडियो जरुर फैंस को पवित्र रिश्ता की पुरानी यादें ताजा करवा देगा। 

अंकिता ने वीडियो शेयर करते हुए लिखा- पवित्र रिश्ता के 12 साल।  समय कितनी जल्दी आगे निकल जाता है।  66 अवॉर्ड्स के साथ पवित्र रिश्ता इंडियन टेलिविजन का सबसे ज्यादा प्यार किए जाने वाला शो बना रहेगा। इस आइकॉनिक शो के 12 साल।  जिसने मुझे ना सिर्फ अर्चना दी बल्कि ढेर सारा प्यार दिया जिसकी वजह से मैं वो बनी जो आज हूं। कहानी जो प्यार,जिंदगी, परिवार और दोस्ती को सेलिब्रेट करता है। शुक्रिया बालाजी फिल्म्स और एकता कपूर मुझे अर्चना बनाने के लिए और पूरी कास्ट और क्रू को शुक्रिया।  मां-पापा साथ देने के लिए बहुत शुक्रिया। 

Desk Team