मुंबई : करोड़ों की इफ्रेडिन ड्रग स्मगलिंग मामले में पूर्व अभिनेत्री ममता कुलकर्णी और इंटरनैशनल ड्रग स्मगलर श्याम विजय गिरी उर्फ विकी गोस्वामी को आधिकारिक तौर पर भगोड़ा घोषित कर दिया गया है। इस संबंध में दोनों आरोपियों के घर के बाहर ठाणे क्राइम ब्रांच ने नोटिस चिपका दिया है। पुलिस की तरफ से शुक्रवार को यह कार्रवाई की गई। पुलिस ने ममता के मुंबई जुहू वर्सोवा के स्काई एन्क्लेव स्थित तीनों फ्लैटों के दरवाजे पर और विक्की के अहमदाबाद के पालड़ी स्थित घर के बाहर नोटिस चिपकाया।
मुंबई और अहमदाबाद स्थित घरों पर नोटिस चिपकाए
ममता कुलकर्णी को कोर्ट ने 8 जून को सुनाए फैसले में पेश होने के लिए 30 दिनों का समय दिया था। इसी मामले में क्राइम ब्रांच ने आगे कदम बढ़ाते हुए ममता कुलकर्णी और उनके पति विकी गोस्वामी के मुंबई और अहमदाबाद स्थित घरों पर नोटिस चिपकाए हैं। इसके बावजूद ममता कुलकर्णी कोर्ट में पेश नहीं हुईं तो उनकी संपत्ति को जब्त किया जा सकेगा और उनके खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस भी दी जाएगी। दो हजार करोड़ के ड्रग्स मामले में ममता कुलकर्णी सहित विकी गोस्वामी भी फरार है।
2000 करोड़ रुपए के अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स रैकेट के पर्दाफाश का मामला
अप्रैल और मई महीने में ठाणे पुलिस ने 2000 करोड़ रुपए के अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स रैकेट का पर्दाफाश किया था। इस मामले में अभिनेत्री ममता कुलकर्णी और विकी गोस्वामी का नाम सामने आया था। विकी गोस्वामी फिलहाल केन्या में है। कल्याण में 12 अप्रैल को पहले एक नाइजेरियन ड्रग डीलर को गिरफ्तार किया गया था। नाइजेरियन डीलर की दी जानकारी पर ठाणे से युवकों को गिरफ्तार किया गया था। इन दोनों युवकों द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार पुणे से मयूर स्वामी नाम की फैक्टरी मैनेजर का नाम सामने आया था। सभी की जानकारी के बाद सोलापुर के एवॉन लाईफ ऑर्गेनिक कंपनी पर छापा मारा गया था।
ममता कुलकर्णी और विकी गोस्वामी के खिलाफ पुलिस के पास पुख्ता सबूत
कंपनी से 2000 करोड़ रुपए कीमत के ड्रग्स बरामद किए गए थे। इस रैकेट में अब तक 8 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। अभी भी अनेक आरोपी फरार हैं। मास्टरमाइंड ममता कुलकर्णी का पति और अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स रैकेट किंग विकी गोस्वामी है। ममता कुलकर्णी के खिलाफ पुलिस को पुख्ता सबूत हासिल हुए हैं।


Download Android App
Download iOS App





