वैश्विक महामारी कोरोना वायरस के चलते देशभर में लॉकडाउन घोषित किया हुआ है,जिस वजह से आम जनता से लेकर कई सेलेब्स तक को इस मुश्किल दौर का सामना करना पड़ है और जो जहां पर है उसे वहीं रहकर अपने दिन गुजारने पड़ रहे हैं। ऐसे में एक्टर मनोज बाजपेयी भी अपने परिवार संग उत्तराखंड की वादियों में लॉक हुए हैं।

दरअसल एक्टर वहां अपनी एक आगामी वेब सीरीज की शूटिंग के सिलसिले में गए हुए थे,लेकिन इस दौरान देश में सम्पूर्ण लॉकडाउन घोषित कर दिया गया जिस वजह से मनोज बाजपेयी वापस नहीं लौट सके। एक्टर के साथ इस समय दीपिक डोबरियाल और सीरीज के क्रू मेंबर्स भी हैं। अब ऐसी मुश्किल घड़ी में मनोज ने बातचीत करते हुए अपना हाल बयां किया। उन्होंने बताया कि वे बाहर की अशांति से बिल्कुल संतुष्ट नहीं हैं।

लॉकडाउन के बारे में पूछे जाने पर मनोज बाजपेयी का जवाब…
अभिनेता ने बताया, मैं यहां पहाड़ों में अपने परिवार के साथ फंस गया हूं। वैसे यह एक अच्छी जगह है। मैं बाहर की दुनिया में चल रही अशांति से पूरी तरह अप्रभावित हूं। साथ ही यहां के स्थानीय लोग बहुत ही जागरूक और सतर्क हैं। आगे मनोज ने कहा, इस वक्त के बाद यह अहसास हुआ कि जिंदगी बहुत अनिश्चित है।
मैं इस तरह की सोच और एहसास में था कि हम अकारण ही खुद को इतना महत्व देते हैं। ऐसी स्थिति में चाहे कोई करोड़पति हो या फिर गरीब सभी एक ही मंच और एक ही स्तर पर हैं। यह पृकृति की सुंदरता और शक्ति है। जब कुदरत अपनी ताकत को साबित करने पर आती है तो किसी को नहीं छोड़ती। इसलिए जागरूक रहना जरूरी है।

एक्टर के वर्कफ्रंट की बात करें तो मनोज हाल ही में वेब सीरीज ‘मिसेज सीरियल किलर’ में दिखाई दिए थे। उनके साथ इस सीरीज में जैकलीन फर्नांडीज की अहम भूमिका थी। फराह खान के प्रोडक्शन में बनी इस सीरीज को उनके पति शिरीष कुंदर ने निर्देशित किया था।


Download Android App
Download iOS App



