RRR ने रचा इतिहास, ऑस्कर होस्ट ने मगर फिल्म को लेकर कह दी ये बात, सुनते ही आग बबूला हुए लोग

Summary :

अमेरिका में लॉस एंजेलिस के डॉल्बी थिएटर में हुए ऑस्कर समारोह में भारत का तिरंगा लहरा दिया, लेकिन यहां एक शब्द के इस्तेमाल की वजह से फिर से बॉलीवुड और साउथ की बहस छिड़ गई है। ट्वीटर पर लोग उस बात पर अपना गुस्सा जाहिर कर रहे हैं।

साउथ सुपरस्टार राम चरण और जुनियर एनटीआर स्टारर आरआरआर ने इतिहास रच दिया है। एस एस राजामौली के निर्देशन में बनी फिल्म आरआरआर के गाने नाटु नाटु ने ऑस्कर में अवॉर्ड जीतकर दुनियाभर में भारत का परचम लहरा दिया है। फिल्म आरआरआर के ऑस्कर जीतने की खुशी देशभर में मनाई जा रही है।
फिल्म आरआरआर के गाने नाटु नाटु को बेस्ट ओरिजिनल सॉन्ग कैटगरी में ऑस्कर से नवाजा गया है। फिल्म के इस गाने ने ऑस्कर से पहले भी विदेशी जमीन पर भारत का नाम रोशन किया है। एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में ऑस्कर मिलना सबसे बड़ी बात है और ऐसे में हर कोई आरआरआर टीम को अवॉर्ड मिलने पर बधाई दे रहा है।
मगर इसी बीच सोशल मीडिया पर ऑस्कर अवॉर्ड फंक्शन का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है जिसमें ऑस्कर होस्ट आरआरआर का ऐलान करते दिख रहे हैं। जहां फिल्म ने तो ऑस्कर अपने नाम कर लिया है मगर होस्ट के एक शब्द का इस्तेमाल करने पर बवाल मच गया है और सोशल मीडिया यूजर्स इस बात पर हंगामा कर रह हैं।
दरअसल, ऑस्कर को होस्ट कर रहे जिमी किमेल ने इवेंट के दौरान एसएस राजामौली की फिल्म आरआरआर को बॉलीवुड फिल्म कह दिया था। जिमी का आरआरआर को बॉलीवुड फिल्म कहना कुछ लोगों को बिल्कुल पसंद नहीं आया है और इस बात को लेकर ट्विटर पर लोग भड़क गए और अपनी प्रतिक्रियाएं देने लगे।
बता दें कि जिमी किमेल अवॉर्ड फंक्शन के दौरान पहली कैटगरी का एलान कर रहे थे, तभी उन्हें आरआरआर का स्टेप करते हुए कुछ डांसर्स स्टेज से हटाते हैं। इस दौरान वो आरआरआर के बारे में बात करते हुए उसे बॉलीवुड फिल्म कह देते हैं। जिमी का आरआरआर को बॉलीवुड फिल्म कहने का वीडियो इंटरनेट पर सामने आते ही बवाल खड़ा हो गया है।

ऑस्कर होस्ट के वीडियो को शेयर करते हुए लोग उस पर अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं। एक यूजर ने कॉमेंट कर लिखा, “डियर ऑस्कर्स टीम, आरआरआर बॉलीवुड फिल्म नहीं है, इसे लिख लीजिए।” दूसरे यूजर ने कहा, “जिमी किमेल करेक्शन- आरआरआर भारतीय, तेलुगू, तमिल फिल्म है न कि बॉलीवुड फिल्म।”  
वहीं, एक अन्य यूजर ने लिखा, “वो लोग इसे बॉलीवुड फिल्म क्यों कह रहे हैं जबकि आरआरआर एक टॉलीवुड फिल्म है। दुख की बात है कि पश्चिमी देशों में रिप्रेजेंटेशन की कमी है।शर्म आनी चाहिए आपको अकैडमी।” एक ने कहा, “आरआरआर साउथ इंडियन सिनेमा है, एक तेलुगू फिल्म। ये बॉलीवुड फिल्म नहीं है जैसा कि कुछ ऑस्कर वाले कह रहे हैं।”

Desk Team