म्यूजिक कंपनी टी सीरीज के मालिक भूषण कुमार पर एक 30 साल की महिला ने बलात्कार का आरोप लगाया है। महिला ने कुमार के खिलाफ अंधेरी के डीएन नगर पुलिस थाने में केस दर्ज कराया है। पीड़िता महिला ने पुलिस को बताया कि टी सीरीज़ के प्रोजेक्ट में काम दिलाने का लालच देकर कुमार ने उसके साथ रेप किया है।

पीड़िता महिला ने पुलिस से तीन लोकेशंस का जिक्र कर दावा किया कि उसके साथ उन्हीं जगहों पर रेप किया गया है। एक मराठी अखबार के मुताबिक, पीड़िता का कहना है कि भूषण कुमार उनका 3 साल तक शोषण करते रहे। महिला ने का कहना है कि भूषण कुमार ने 2017 से 2020 तक उन्हें टॉर्चर किया है। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी भूषण कुमार ने उसकी तस्वीरों और वीडियोज वायरल करने की धमकी दी थी।

यह पहली बात नहीं है जब भूषण कुमार पर ऐसा कोई आरोप लगा है। 2018 में मी टू कैंपेन के दौरान एक मॉडल ने ऐसा ही आरोप लगाया था। मॉडल ने सोशल मीडिया के जरिए कहा था कि भूषण कुमार ने उनका यौन शोषण किया है। हालांकि, इसपर सफाई देते हुए भूषण ने इसे खारिज कर दिया था। तब उन्होने कहा था कि यह सिर्फ उनकी इमेज खराब करने के लिए किया जा रहा है।

भूषण न सिर्फ T-series के मैनेजिंग डायरेक्टर हैं बल्कि वह कई बड़ी फिल्मों का प्रोडक्शन भी संभालते रहे हैं। भूषण कुमार म्यूजिक कंपनी चलाने के अलावा कई सुपरहिट फिल्मों के प्रोड्यूसर भी रह चुके हैं। साल 2001 में भूषण कुमार ने फिल्म तुम बिन का प्रोडक्शन किया था। इसके बाद से उन्होंने इंडस्ट्री को कई सुपरहिट फिल्में दीं। भूल भुलैया, आशिकी 2, सनम रे, ऑल इज वेल, तुम्हारी सुलु, भारत और सत्यमेव जयते जैसी कई फिल्मों का प्रोडक्शन भूषण कुमार ने किया है।


Download Android App
Download iOS App



