अभय देओल को वैसे तो हर कोई जनता है। वो कई बेहतरीन फिल्मों के हिस्सा रहे है। उन्होंने ‘रांझणा’, ‘जिंदगी ना मिलेगी दोबारा’ और ‘ओए लक्की! लक्की ओए!’ जैसी कई बेहतरीन फिल्मों में अपनी एक्टिंग का लोहा मनवाया है। वो जब भी किसी फिल्म में नज़र आते है फिल्म चले न चले उनकी एक्टिंग ज़रूर पसंद की जाती है। लेकिन ऐसी एक्टिंग भी किस काम की? जब वो कामयाबी न दिला सके ! दरअसल, एक्टर फिल्मी बैकग्राउंड से होने के बावजूद फिल्म इंडस्ट्री में अपना बड़ा नाम बनाने में कामयाब नहीं हुए।

बता दे, अभय देओल को स्टार किड होने के बाद भी कई मुश्किलों का सामना करना पड़ा। अब अभय देओल ने खुद फिल्म इंडस्ट्री के सच के बारे में खुलासा किया है। एक्टर का कहना है कि फिल्मी दुनिया में आपकी सिर्फ एक्टिंग काम नहीं आती बल्कि आपको अपने आप को हाईलाइट करना पड़ता है। सिर्फ यही नहीं एक्टर ने बताया कि कैसे डायरेक्टर ने उनके बारे में झूठी अफवाह फैलाई थी।

अभय देओल ने हाल ही में दिए एक इंटरव्यू में बताया कि, ‘आज 17 साल बाद भी मुझे लगता है कि मैं बॉलीवुड में कहीं फिट नहीं होता। मैं इस पर और मेहनत कर सकता था कि मैं खुद को इंडस्ट्री में फिट महसूस कर सकूं। पहले मैं हमेशा सोचता था कि ये काफी घटिया है कि लोगों को अपने बारे में खुद बताओ। लेकिन अब समझ आता है कि खुद को न्यूज में रखने की जरूरत होती है। आप चुप रहते हैं तो लोग सोच लेते हैं कि आप अब कही स्टैंड नहीं करते। बस यही कमी रही कि मैंने अपने बारे में कभी चिल्लाकर लोगों को नहीं बताया।’

एक्टर ने आगे कहा, ‘मैं फिल्म इंडस्ट्री में इसलिए फिट नहीं हो पाया क्योंकि यहां काफी गुटबाजी है। मुझे लगता है कि इस बारे में सभी लोग जानते हैं। इंडस्ट्री में कई सारे ग्रुप हैं और उनमें से किसी न किसी का आप खुद को हिस्सा पाते हैं। एक तरीके से देखें तो ये जाति संबंधी सोच लगती है, ऐसे में आप अपनी जाति का ग्रुप खोजो तो वो आपको सपोर्ट करेंगे।’

अभय देओल ने आगे कहा, ‘फिल्मी दुनिया में हर चीज अपने हिसाब से होती है और सभी के फायदे और नुकसान है। मैं जहां से आता हूं, मैं कौन हूं, ये मुझे पता है और इसके लिए मुझे गैसलाइट किया गया। एक वक्त था, जब मुझे सेल्फ डाउट होने लगा था। कई बार ऐसे में आपको गुस्सा आ जाता है।’

अभय देओल ने आगे कहा, ‘एक वक्त ऐसा था जब एक डायरेक्टर ने सरेआम मेरे बारे में घटिया बातें बोली थीं और झूठी अफवाह फैलाई थी। जब आप किसी के आगे अपना दिल खोलकर रख देते हैं तो दूसरों के झांसे में आ जाते हैं और फिर लोग आपका फायदा उठाने लगते हैं। मुझे अच्छे से याद है कि एक डायरेक्टर ने मेरे बारे में काफी झूठ फैलाया था। इन सभी चीजों के लिए भी आपको तैयार रहना पड़ता है।’


Download Android App
Download iOS App



