बॉलीवुड एक्टर टाइगर श्रॉफ की कार पर हुई फायरिंग के मामले में जांच के दौरान कई अहम जानकारियां सामने आई हैं। पुलिस के मुताबिक, इस मामले में गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ के दौरान बताया कि टाइगर श्रॉफ को निशाना बनाने से पहले वो सलमान खान के घर के बाहर गोलीबारी करने की प्लानिंग बना रहे थे।
हालांकि, सलमान खान के घर के आसपास कड़ी सुरक्षा होने की वजह से वो अपने मंसूबों को अंजाम नहीं दे सके। पुलिस इस मामले में लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े लोगों के रोल की जांच कर रही है। जांच के दौरान यह भी सामने आया है कि आरोपियों ने टाइगर श्रॉफ पर हमले से पहले बॉलीवुड के कई दूसरे सितारों के घरों की रेकी भी की थी, जिनमें सदी के महानायक अमिताभ बच्चन का नाम भी शामिल था
Tiger Shroff Firing Case Update: सलमान खान समेत इन एक्टरों के घरों की भी हुई रेकी

पुलिस के मुताबिक, टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग करने से पहले आरोपियों ने सलमान खान के अलावा अमिताभ बच्चन, आमिर खान और अक्षय कुमार के घरों के आसपास भी रेकी की थी। बताया जा रहा है कि उन्होंने इन जगहों के वीडियो बनाए और विदेश में बैठे अपने हैंडलर तक पहुंचाए। इन खुलासों के बाद मुंबई पुलिस ने सलमान खान की सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत कर दी है। बांद्रा स्थित उनके घर के बाहर पुलिस की गश्ती वैन तैनात की गई है। इसके अलावा बिल्डिंग के अंदर-बाहर और आसपास की सड़कों पर भी पुलिसकर्मियों की तैनाती बढ़ा दी गई है।
सोशल मीडिया से मिली थी टाइगर श्रॉफ की जानकारी

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, आरोपियों को सोशल मीडिया पर फैंस की पोस्ट के जरिए टाइगर श्रॉफ के डेली रूटीन के बारे में जानकारी मिली थी। पोस्ट से उन्हें पता चला कि एक्टर हर रविवार जुहू के पुष्पा नरसी ग्राउंड में फुटबॉल खेलने जाते हैं और उस दौरान उनके साथ पुलिस सुरक्षा नहीं रहती। जांच में सामने आई जानकारी के मुताबिक, जब कथित शूटरों ने गैंग से जुड़े अमित पंडित को बताया कि सलमान खान को निशाना बनाना मुश्किल है, तो टाइगर श्रॉफ को निशाना बनाने की प्लानिंग तैयार की गई। पुलिस का दावा है कि हमले का ऑर्डर अमित पंडित ने दिया था।
इसके बाद दो शूटर पिस्तौल लेकर जुहू के फुटबॉल मैदान पहुंचे और कुछ समय तक एक्टर की एक्टीविटीज़ पर नजर रखी। फिर जैसे ही टाइगर श्रॉफ की कार मैदान के गेट से बाहर निकली, आरोपियों ने कथित तौर पर गोलियां चला दीं।
फायरिंग में बाल-बाल बचे एक्टर

पुलिस के मुताबिक, इस घटना में टाइगर श्रॉफ सुरक्षित बच गए। शुरुआती जांच में ये आशंका जताई गई कि हमलावर सीधे एक्टर को निशाना बनाना चाहते थे। वारदात में कुल तीन लोगों के शामिल होने की बात सामने आई है। इनमें दो शूटर थे, जबकि तीसरा इंसान भागने के लिए मोटरसाइकिल लेकर इंतजार कर रहा था। एक पुलिस अधिकारी के मुताबिक, आरोपियों ने सलमान खान के घर की रेकी क्यों की थी, इसका पूरा मकसद अभी साफ नहीं हुआ है। पुलिस उनके मोबाइल फोन की जांच करने की तैयारी में है। ये शक है कि आरोपियों ने रेकी के दौरान तस्वीरें और वीडियो बनाकर अपने हैंडलर को भेजे होंगे।
कोटा से तीन आरोपियों की गिरफ्तारी
इस मामले में मुंबई पुलिस ने राजस्थान के कोटा से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनमें 18 साल के फूल सिंह और रेहान अंसारी के साथ 22 साल के ऋतिक कुमार उर्फ रोशन रामू महतो का नाम शामिल है। पुलिस के मुताबिक, तीनों आरोपियों को ट्रांजिट रिमांड पर मुंबई लाया गया है। वहां उनका मेडिकल टेस्ट कराया जाना था, जिसके बाद उन्हें अदालत में पेश करने का प्रोसेस शुरू किया जाएगा। फिलहाल पुलिस मामले की अलग-अलग पहलुओं से जांच कर रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि हमले के पीछे कौन-कौन लोग शामिल थे, कथित हैंडलर का रोल क्या था और बॉलीवुड एक्टरों के घरों की रेकी किस मकसद से की गई थी।


Download Android App
Download iOS App




