Zubeen Garg Death: असम सरकार ने लोकप्रिय गायक, अभिनेता और फिल्म निर्माता जुबीन गर्ग के निधन पर 20 से 22 सितंबर तक तीन दिन का राजकीय शोक घोषित किया है। इस अवधि में किसी भी प्रकार का आधिकारिक सांस्कृतिक या मनोरंजन कार्यक्रम आयोजित नहीं होगा।
रविवार को अंतिम दर्शन
सरकार की ओर से बताया गया है कि रविवार को सुबह 9 बजे से शाम 7 बजे तक जुबीन गर्ग का पार्थिव शरीर अर्जुन भोगेश्वर बरुआ स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स (सरसजाई स्टेडियम, गुवाहाटी) में आम जनता के दर्शन हेतु रखा जाएगा।
Zubeen Garg Death: सिंगापुर में हुआ निधन
52 वर्षीय जुबीन गर्ग का निधन शुक्रवार को सिंगापुर में हुआ। वे नॉर्थ ईस्ट इंडिया फेस्टिवल में प्रस्तुति देने पहुंचे थे। इस दौरान लेजरस आइलैंड पर स्कूबा डाइविंग करते समय उन्हें हार्ट अटैक आया। दोपहर करीब 2:30 बजे सिंगापुर जनरल हॉस्पिटल ले जाते समय उन्होंने अंतिम सांस ली।
पत्नी गारिमा साइकिया गर्ग ने बताया कि उन्हें पहले भी दौरे की समस्या हो चुकी थी, लेकिन इस बार डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके। शनिवार को पोस्टमॉर्टम किया गया।
सरकार और प्रशासन का शोक संदेश
मुख्य सचिव ने आधिकारिक ‘एक्स’ हैंडल से पोस्ट शेयर कर कहा कि असम सरकार अत्यंत दुःख के साथ सूचित करती है कि जीवन से भी महान कलाकार, सांस्कृतिक प्रतीक, फिल्म निर्माता और लाखों लोगों के दिलों की धड़कन जुबीन गर्ग का पार्थिव शरीर रविवार को सुबह 9:00 बजे से शाम 7:00 बजे तक अर्जुन भोगेश्वर बरुआ स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स (सरसजाई स्टेडियम) में मित्रों, अनुयायियों और प्रशंसकों के अंतिम दर्शन हेतु रखा जाएगा। सभी से अनुरोध है कि वे असम के प्रिय सपूत की अंतिम यात्रा को गरिमापूर्ण ढंग से संपन्न कराने और उसे सदैव स्मरण रखने योग्य विदाई बनाने में अपना सहयोग प्रदान करें।
Zubeen Garg Death पर मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने जताया शोक
मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने भी जुबीन के निधन पर शोक जताया। उन्होंने ‘एक्स’ पर पोस्ट करके लिखा कि जुबीन का असम के लिए महत्व शब्दों से परे है। वे बहुत जल्दी चले गए, यह जाने की उम्र नहीं थी। उनकी आवाज लोगों को ऊर्जा देती थी, संगीत सीधे मन और आत्मा से जुड़ता था। उन्होंने ऐसा शून्य छोड़ा जो कभी न भरेगा। उन्होंने जुबीन को ‘असम का पसंदीदा रॉकस्टार’ कहा और ‘शांति से आराम करो’ की कामना की थी।


Download Android App
Download iOS App




