चेन्नई : संदिग्ध कर चोरी और मुखौटा कंपनियों से संबंधित मामलों में आयकर विभाग के अधिकारियों ने आज तमिलनाडु में व्यापारिक समूह से जुड़े 33 ठिकानों पर छापेमारी की। आयकर विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने इसकी जानकारी दी। एक कपड़ा कंपनी और रीयल एस्टेट से जुड़ी एक कंपनी समेत चार समूहों के खिलाफ छापेमारी की कार्रवाई की गई। अधिकारी के मुताबिक आज सुबह छापेमारी की कार्रवाई को अंजाम दिया गया और इसमें शहर के 21 स्थान और तमिलनाडु के अन्य हिस्सों में 12 जगह शामिल हैं। इन समूहों के कर चोरी, मुखौटी कंपनियों में शामिल होने की आशंका है।
मुखौटा कंपनियों के बारे में आयकर विभाग को प्राप्त सूचना और पिछले साल नोटबंदी के बाद आए आंकड़े के आधार पर छापेमारी की कार्रवाई की गई। हाल ही में आयकर विभाग ने ऑपरेशन क्लीन मनी के तौर पर कई शहरों में कार्रवाई की थी। इसमें 10 समूहों से संबंधित 1430 करोड़ रुपये की अघोषित आय का पता चला था। इनमें जेल में बंद अन्नाद्रमुक की नेता वी के शशिकला, उनके रिश्तेदार और उनकी सहयोगियों से जुड़ी कंपनियां भी शामिल हैं।


Download Android App
Download iOS App



