Adani Green की रिन्यूएबल एनर्जी क्षमता 12,000 मेगावाट से अधिक हुई

Summary :

अदाणी ग्रीन एनर्जी की कुल क्षमता 12,000 मेगावाट से अधिक

देश की सबसे बड़ी रिन्यूएबल एनर्जी कंपनी अदाणी ग्रीन एनर्जी लिमिटेड (एजीईएल) द्वारा शुक्रवार को गुजरात के खावड़ा में अतिरिक्त 275 मेगावाट की सोलर एनर्जी क्षमता शुरू की गई है।

इस उपलब्धि के साथ ही अदाणी ग्रीन एनर्जी का कुल ऑपरेशनल पोर्टफोलियो 12,000 मेगावाट (एमडब्ल्यू) से अधिक का हो गया है।

एजीईएल देश की पहली रिन्यूएबल एनर्जी कंपनी है, जिसके पास 12,258.1 मेगावाट का रिन्यूएबल एनर्जी पोर्टफोलियो है। इसमें 8,347.5 मेगावाट सोलर, 1,651 मेगावाट विंड और 2,259.6 मेगावाट की विंड-सोलर हाइब्रिड क्षमता शामिल है।

कंपनी ने कहा, “यह माइलस्टोन एजीईएल की 2030 तक 50,000 मेगावाट की क्लीन, किफायती और विश्वसनीय एनर्जी उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। 12,258.1 मेगावाट का ऑपरेशनल पोर्टफोलियो 62 लाख घरों को पावर दे सकता है। इससे वार्षिक रूप से 2.264 करोड़ टन कार्बन उत्सर्जन कम होगा। यह 107.8 करोड़ पेड़ों द्वारा सोखे गए कार्बन के बराबर है।”

कंपनी ने कहा कि अदाणी ग्रीन एनर्जी गुजरात के कच्छ के खावड़ा में 30,000 मेगावाट का रिन्यूएबल एनर्जी पार्क बना रही है। इसका आकार 538 स्क्वायर किलोमीटर का है। यह पेरिस से पांच गुना और मुंबई शहर के बराबर है। पूरा होने के बाद सभी प्रकार की ऊर्जा में यह दुनिया का सबसे बड़ा पावर प्लांट होगा।

कंपनी ने कहा कि एजीईएल द्वारा खावड़ा में 2,824.1 मेगावाट की ऑपरेशनल रिन्यूएबल क्षमता शुरू की जा चुकी है। खावड़ा में त्वरित प्रगति 2030 तक भारत के 500 गीगावाट गैर-जीवाश्म ईंधन क्षमता के लक्ष्य के प्रति एजीईएल की प्रतिबद्धता को रेखांकित करती है।

अदाणी न्यू इंडस्ट्रीज लिमिटेड की मैन्युफैक्चरिंग इकाई अदाणी इन्फ्रा की क्षमताओं का लाभ उठाकर एजीईएल तेजी से खावड़ा में काम पूरा कर रहा है।

कंपनी ने बयान में कहा कि एजीईएल भारत में सबसे तेज ग्रीनफील्ड रिन्यूएबल एनर्जी क्षमता वृद्धि दर्ज कर रही है और कंपनी खावड़ा एवं अन्य परियोजना स्थलों पर तेज विकास की गति को बनाए रखेगी।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.