मुंबई : बोनस नहीं मिलने के कारण एअर इंडिया के विमानों के ग्राउंड हैंडलिंग संबंधी कामकाज देखने वाली अनुषंगी कंपनी एआईएटीएसएल के कर्मचारियों का एक वर्ग बृहस्पतिवार को अचानक हड़ताल पर चला गया, जिसके कारण विमानों का संचालन प्रभावित हुआ। एयरलाइन के अधिकारी ने बताया कि हड़ताल के कारण कम से कम 10 घरेलू एवं तीन अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में तीन घंटे तक की देरी हुई।
एअर इंडिया एयर ट्रांसपोर्ट सर्विसेज लिमिटेड (एआईएटीएसएल) एअर इंडिया की पूर्ण स्वामित्व वाली अनुषंगी कंपनी है। यह कंपनी देश में सभी हवाईअड्डों पर उड़ान के वक्त जमीन पर एअर इंडिया के विमानों के संचालन एवं सर्विसिंग से जुड़े काम और हवाईअड्डा टर्मिनल पर कामकाज देखती है। कंपनी में करीब 5,000 कर्मचारी हैं, जिनमें अनुबंध पर काम करने वाले कर्मचारी भी शामिल हैं। अधिकारी ने बताया, ‘‘दिवाली बोनस नहीं मिलने के कारण मुंबई हवाईअड्डे पर एआईएटीएसएल के कुछ कर्मचारी बुधवार-बृहस्पतिवार की दरम्यानी रात से ही हड़ताल पर चले गये हैं जिसके कारण उड़ान सेवाओं में बाधा आयी।
ये सभी हालांकि अनुबंध पर काम करने वाले कर्मचारी थे।’’ उन्होंने बताया, ‘‘आज सुबह तक तीन अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के अलावा 10 घरेलू उड़ानों में देरी हुई। उड़ानों में करीब तीन घंटे की देरी हुई।’’ अधिकारी ने बताया कि मुंबई हवाईअड्डे पर ग्राउंड हैंडलिंग का कामकाज देखने के लिये एअर इंडिया ने अपने स्थायी कर्मचारियों को सेवा में लगाया है। उन्होंने बताया, ‘‘मुद्दा सुलझाने लिये हड़तालरत कर्मचारियों और एआईएटीएसएल प्रबंधन के बीच बातचीत जारी है।


Download Android App
Download iOS App



