नई दिल्ली : घरेलू मार्गों पर हवाई यात्रियों की सबसे ज्यादा शिकायत एयर डेक्कन के खिलाफ रही जबकि समय पर उड़ान भरने (ओटीपी) के मामले में स्पाइसजेट का प्रदर्शन सबसे अच्छा रहा। नागर विमानन महानिदेशालय द्वारा जारी आंकड़े के अनुसार, फरवरी में एयर डेक्कन के खिलाफ प्रति एक लाख यात्री 467 शिकायतें आयीं। इसके बाद प्रति एक लाख यात्री सरकारी विमान सेवा कंपनी एयर इंडिया के खिलाफ 16, जेट एयरवेज और जेटलाइट के खिलाफ 12, गोएयर के खिलाफ पांच और ट्रूजेट तथा इंडिगो के खिलाफ तीन-तीन शिकायतें दर्ज की गयीं।
एयर एशिया और स्पाइसजेट के खिलाफ प्रति एक लाख यात्री दो-दो शिकायतें और विस्तारा के खिलाफ एक शिकायत प्रति एक लाख यात्री दर्ज की गयी। कुल 642 शिकायतें सामने आयीं। प्राप्त जानकारी अनुसार, यात्रियों को सबसे ज्यादा शिकायत उड़ान संबंधी समस्याओं को लेकर रहीं। इस श्रेणी में 31.5 प्रतिशत शिकायत दर्ज की गयीं। बैगेज को लेकर 25.4 प्रतिशत, ग्राहक सेवाओं को लेकर 19.3 प्रतिशत, रिफंड को लेकर 6.9 प्रतिशत और कर्मचारियों के व्यवहार को लेकर 5.8 प्रतिशत शिकायतें आयीं।
अन्य विशेष खबरों के लिए पढ़िये पंजाब केसरी की अन्य रिपोर्ट।


Download Android App
Download iOS App



