शेयर बाजार में लगातार भारी उतार चढ़ाव जारी है, मिडिल ईस्ट में तनाव, कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों के चलते आज शुक्रवार को भारतीय शेयर बाजार हल्की बढ़त के साथ सपाट खुला। सेंसेक्स 206.51 अंकों की बढ़त दर्ज करते हुए 74,357.55 का उच्चतम स्तर छुआ, वहीं निफ्टी 50 ने 0.25 प्रतिशत की तेजी दर्ज करते हुए 22,994.70 का उच्चतम स्तर छुआ। खबर लिखते समय तक सेंसेक्स 47 अंक के उछाल के साथ कारोबार कर रहा है।
Trent Limited शेयर में उछाल
निफ्टी 50 इंडेक्स में ट्रेंट में सबसे ज्यादा 5.8 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई। इसके बाद इंडिगो, सन फार्मा, इंफोसिस, इटरनल और टीसीएस के शेयरों का स्थान रहा। इसके विपरीत, कोल इंडिया, बीईएल और श्रीराम फाइनेंस के शेयरों में सबसे ज्यादा गिरावट दर्ज की गई। व्यापक बाजार में, निफ्टी मिडकैप 100 और निफ्टी स्मॉलकैप 100 में क्रमशः 0.54 प्रतिशत और 0.86 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई।
सेक्टरवार देखें तो निफ्टी आईटी और निफ्टी फार्मा में 1 प्रतिशत से ज्यादा की तेजी देखी गई, जबकि निफ्टी कंज्यूमर ड्यूरेबल्स में सबसे ज्यादा गिरावट आई। इसके अलावा निफ्टी मेटल, निफ्टी एफएमसीजी, निफ्टी ऑटो, निफ्टी पीएसयू बैंक और निफ्टी रियल्टी में भी गिरावट देखने को मिली।
बाजार में क्यों आ रही है गिरावट
बाजार विशेषज्ञों के अनुसार, अमेरिकी कंपनियों के कमजोर तिमाही नतीजों और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) पर बढ़ते खर्च को लेकर चिंताओं ने वैश्विक निवेशकों की धारणा को बदला है। यही कारण है कि एशियाई बाजारों में भी दबाव बना हुआ है। विशेषज्ञों का कहना है कि फिलहाल बाजार के सामने सबसे बड़ी चुनौती कच्चे तेल की कीमतों में तेजी है। ईरान के खिलाफ अमेरिकी सैन्य कार्रवाई फिर शुरू होने की संभावना जताई जा रही है, जिससे ऊर्जा बाजारों में अनिश्चितता बनी हुई है।
एशियाई शेयर बाजारों में गिरावट
वैश्विक बाजारों की बात करें तो एशियाई शेयर बाजारों में गिरावट बनी हुई है। अमेरिका में प्रमुख टेक कंपनियों के अपेक्षा से कमजोर नतीजों के बाद एआई आधारित निवेश थीम को लेकर गिरावट देखने को मिली है। वहीं फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दरों को स्थिर रखने के एक दिन बाद अमेरिकी बाजार भी गिरावट के साथ बंद हुए।


Download Android App
Download iOS App




