सैन फ्रांसिस्को : एप्पल ने बैटरी के सामान्य से अधिक गर्म होने और ‘फटने की आशंका’ के कारण पुरानी पीढ़ी के अपने कई मैकबुक प्रो वापस मंगा लिए हैं। कंपनी ने कहा है कि सितंबर 2015 से फरवरी के बीच बेचे गए 15 इंच के रेटिना डिस्प्ले वाले मैकबुक प्रो को वापस मंगाया गया है।
दिग्गज प्रौद्योगिकी कंपनी ने कहा है कि वह बिना किसी शुल्क के बैटरी बदलेगी। कई देशों से इस उत्पाद को वापस मंगाया गया है। चीन में करीब 63,000 लैपटॉप इससे प्रभावित होंगे। एप्पल ने कहा है कि इस दिक्कत के कारण किसी कंप्यूटर को खास क्षति पहुंचने या किसी व्यक्ति के घायल होने की कोई सूचना नहीं मिली है।
लेकिन उसने ज्यादा गर्म हो रहे लैपटॉप का इस्तेमाल तत्काल बंद करने का आग्रह किया है। उसने कहा कि एक अलग वेबसाइट बनायी गयी है। इस वेबसाइट पर सीरियल नंबर डालकर उपयोक्ता यह सुनिश्चित कर सकते हैं कि उनके कंप्यूटर प्रभावित हैं या नहीं।


Download Android App
Download iOS App



