भारती एयरटेल को हुआ 23,045 करोड़ का घाटा

Summary :

दूरसंचार कंपनी भारती एयरटेल को चालू वित्त वर्ष की जुलाई-सितंबर तिमाही में 23,045 करोड़ रुपये का भारी नुकसान हुआ है।

नई दिल्ली : दूरसंचार कंपनी भारती एयरटेल को चालू वित्त वर्ष की जुलाई-सितंबर तिमाही में 23,045 करोड़ रुपये का भारी नुकसान हुआ है। कंपनी समायोजित सकल आय (एजीआर) पर उच्चतम न्यायालय के आदेश का असर पड़ा है। इससे पिछले वित्त वर्ष की इसी अवधि में कंपनी की शुद्ध आय 119 करोड़ रुपये थी। 
हालांकि कंपनी का कहना है कि इन आंकड़ों की तुलना नहीं की जा सकती है, क्योंकि उसने एकाउंटिंग के लिये नई प्रणाली को अपनाया है। भारती एयरटेल ने बृहस्पतिवार को एक बयान में कहा कि समीक्षावधि में उसकी एकीकृत आय 4.7 प्रतिशत बढ़कर 21,199 करोड़ रुपये रही। कंपनी ने कहा कि शीर्ष अदालत के फैसले से उस पर वित्तीय दबाव बढ़ा है। बयान में कहा गया है कि कंपनी राहत मिलने को लेकर आशान्वित है। 
लेकिन ऐसा नहीं होने की स्थिति में कंपनी ने समीक्षावधि के लिए एजीआर की परिभाषा के अनुरूप स्पेक्ट्रम उपयोग शुल्क और न्यायालय के फैसले के आधार पर आकलित लाइसेंस शुल्क के लिए अलग से 28,450 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है।

Desk Team