नई दिल्ली : केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने शुक्रवार को वाहन निर्माता कंपनियों से कहा कि वे पर्यावरण के अनुकूल ऐसे वाहन बनायें जिसमें जैव ईंधनों का इस्तेमाल हो सके। उन्होंने कहा कि अभी देश जिन प्रमुख चुनौतियों से जूझ रहा है, वायु प्रदूषण उनमें से एक है।
अत: वाहन निर्माता कंपनियों को वैकल्पिक ईंधन वाले वाहनों पर ध्यान देना चाहिये ताकि देश में हरित और सुरक्षित आवागमन पारिस्थितिकी सुनिश्चित हो सके। गडकरी ने टोयोटा के इलेक्ट्रिक वाहन प्रौद्योगिकी: प्रदर्शन एवं प्रायोगिक संचालन (हाइब्रिड, इलेक्ट्रिक एवं हाइड्रोजन वाहन) में कहा कि इससे न सिर्फ पर्यावरण में प्रदूषण कम होगा बल्कि इससे किसानों की आय बढ़ाने में भी मदद मिलेगी।
उन्होंने इलेक्ट्रॉनिक तरीके से टोल जमा किये जाने के बारे में कहा कि राष्ट्रीय राजमार्गों पर स्थित टोल प्लाजाओं पर पहले ही 50 प्रतिशत से अधिक लेन-देन फास्टैग के जरिये हो रहा है। उन्होंने फास्टैग अपनाने की अपील करते हुए कहा कि इससे टोल प्लाजाओं पर वाहनों का आवागमन सरल एवं तेज होगा। उन्होंने भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण द्वारा 15 दिसंबर तक नि:शुल्क फास्टैग दिये जाने की घोषणा को भी दोहराया।


Download Android App
Download iOS App



