नई दिल्ली : प्रीमियम वर्ग के यात्री वाहन बनाने वाली कंपनी फोर्ड इंडिया ने कॉम्पेक्ट यूटिलिटी वाहन ‘फोर्ड फ्रीस्टाइल’ का अनावरण किया जिसका डिजाइन स्पोर्ट यूटिलिटी वाहन (एसयूवी) जैसा है। यह वाहन चालू वर्ष की दूसरी तिमाही से भारतीय सड़कों पर उतरेगा। कंपनी के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक अनुरोग मेहरोत्रा ने यहां इस नये वाहन का अनावरण करते हुये कहा है कि ईकोस्पोर्ट की तरह इस कार को भी सबसे पहले भारत में प्रदर्शित किया गया और आज ही इसे अमेरिका में भी प्रदर्शित किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि युवाओं को ध्यान में रखकर इस वाहन को डिजाइन किया गया है और उनकी जरूरतों को पूरा ध्यान रखा गया है। इसमें 1.2 लीटर का नया पेट्रोल इंजन और नया मैनुअल ट्रांसमिशन है। इसको एसयूवी जैसा लुक दिया गया है, लेकिन ऊर्जा दक्षता और प्रौद्योगिकी के मामले में यह सेडान की तरह है। इसमें सकल लोडिंग क्षमता भी ईकोस्पोर्ट से अधिक है। मेहरोत्रा ने कहा कि युवाओं को ध्यान में रखते हुये इसमें 6.5 इंच स्क्रीन वाला इंफोटेंमेंट सिस्टम दिया गया है।
सुरक्षा के लिहाज से इसमें छह एयरबैग दिये गये हैं। उन्होंने कहा कि वैश्विक स्तर पर फोर्ड के वाहनों की बढ़ती मांग के मद्देनजर एसयूवी जैसा वाहन तैयार किया गया है। अभी भारत सहित पूरी दुनिया में ईकोस्पोर्ट जैसे एसयूवी की मांग बढ़ रही है और इसे ध्यान में रखते हुये इस कॉम्पेक्ट यूटिलिटी वाहन को डिजाइन किया गया है।
अधिक लेटेस्ट खबरों के लिए यहाँ क्लिक करें।


Download Android App
Download iOS App



