टिक-टॉक के प्रतिद्वंद्वी फायरवर्क को खरीद सकती है गूगल

Summary :

खबरों के मुताबिक, यह एप अपने प्रतिद्वंद्वी एप टिक-टॉक की तरह ही यूजर्स को छोटे वीडियो बनाने और शेयर करने में मदद करती है।

सैन फ्रांसिस्को : दिग्गज कंपनी गूगल अमेरिका के सोशल वीडियो एप फायरवर्क को खरीदने में रुचि दिखा रही है। खबरों के मुताबिक, यह एप अपने प्रतिद्वंद्वी एप टिक-टॉक की तरह ही यूजर्स को छोटे वीडियो बनाने और शेयर करने में मदद करती है। वॉल स्ट्रीट जर्नल की खबर के मुताबिक, चाइनीज माइक्रो-ब्लॉगिंग प्लेटफॉर्म वीबो ने भी फायरवर्क को खरीदने में रुचि दिखाई है, लेकिन गूगल के साथ आगे की बातचीत जारी है। 
कैलिफोर्निया के रेडवुड सिटी में स्थित फायरवर्क ने पिछले महीने ही भारत में प्रवेश किया। इस वर्ष कंपनी की कीमत 10 करोड़ डॉलर (100 मिलियन) से अधिक बताई गई। टिक-टॉक के स्वामित्व वाली बीजिंग स्थित कंपनी बाइटडांस का मूल्य 75 अरब डॉलर है। टिक-टॉक पर यूजर्स 15 सेकेंड के शॉर्ट वीडियो बना सकते हैं, वहीं फायरवर्क यूजर्स को 30 सेकेंड के वीडियो को बनाने की इजाजत देता है। 
इसकी पेटेंट लंबित तकनीक यूजर्स को अपने मोबाइल डिवाइस से एक शॉट में होरिजेंटल और वर्टिकल, दोनों प्रकार के वीडियो लेने की अनुमति देगी। यह एप वर्तमान में आईओएस और एंड्राइड स्मार्टफोन दोनों में उपलब्ध है। इसके उपयोगकर्ता लाखों की संख्या में रजिस्टर्ड हैं।

Desk Team