नई दिल्ली : कर्ज संकट से जूझ रही कंपनी आईएलएंडएफएस समूह ने बकाया ऋण के भुगतान के लिये नकदी जुटाने के उद्देश्य से अपनी कुछ अन्य संपत्तियों को बेचने की प्रक्रिया शुरू की है। कंपनी ने मुंबई और कोलकाता में स्थित व्यावसायिक एवं रिहाइशी संपत्तियों की बिक्री के लिये निविदाएं आमंत्रित की हैं।
बेची जाने वाली संपत्तियों में मालाबार हिल्स स्थित 1,376 वर्गफुट की एक रिहाइशी संपत्ति समेत मुंबई की तीन व्यावसायिक संपत्तियां तथा कोलकाता में स्थित एक व्यावसायिक संपत्ति शामिल है। कंपनी ने इन संपत्तियों को खरीदने को इच्छुक लोगों से 15 जनवरी तक निविदाएं मंगायी हैं। समूह के ऊपर करीब 91 हजार करोड़ रुपये का बकाया है।
इससे पहले कंपनी ने पैसे जुटाने के लिये अपनी विभिन्न सड़क, सौर ऊर्जा तथा शैक्षणिक संपत्तियों की बिक्री के लिये निविदाएं आमंत्रित की थीं। समूह लग्जरी कारों, कार्यालयों के फर्निचरों तथा इस्तेमाल नहीं हो रहे सामानों की बिक्री कर रही है। सूत्रों का कहना है कि कंपनी इन संपत्तियों की बिक्री कर करीब 200 करोड़ रुपये जुटा सकती है।


Download Android App
Download iOS App



