भारतीय अर्थव्यवस्था में हाल की नरमी के बावजूद वैश्विक रेटिंग एजेंसी स्टैण्डर्ड एण्ड पूअर्स ने बृहस्पतिवावर को जारी अपनी ताजा समीक्षा रपट में देश की रेटिंग को स्थिर परिदृश्य के साथ ‘बीबीबी-’ पर बनाये रखा।
एजेंसी ने कहा है कि भारत की अर्थव्यवस्था बुनियादी रूप से मजबूत वृद्धि की स्थिति में बनी हुई है और वृद्धि दर में अगले दो से तीन साल के दौरान दीर्घकाल के लिये सुधार आने की संभावना है। किसी भी देश की ‘बीबीबी’ रेटिंग उसकी वित्तीय प्रतिबद्धताओं को पूरा करने की पर्याप्त क्षमता को दर्शाता है।
एस एण्ड पी ने एक वक्तव्य में कहा है, ‘‘हाल की तिमाहियों में भारत की अर्थव्यवस्था में उल्लेखनीय गिरावट आने के बावजूद हमारा मानना है कि उसकी अवसंरचनात्मक वृद्धि का अपेक्षाकृत अच्छा प्रदर्शन यथावत बना हुआ है। इस लिहाज से वास्तविक जीडीपी वृद्धि में अगले दो से तीन साल के दौरान दीर्घकालिक रुझानों के साथ धीरे धीरे सुधार आने की संभावना है।’’
रेटिंग एजेंसी का मानना है कि वर्ष 2020-21 में भारत की आर्थिक वृद्धि दर सुधरकर 6 प्रतिशत और उससे अगले वर्ष में सात प्रतिशत और उसके बाद 7.4 प्रतिशत तक पहुंच जायेगी। एजेंसी ने कहा है, ‘‘हमारा मानना है कि वास्तविक जीडीपी वृद्धि में हाल में आई सुस्ती के बावजूद भारतीय अर्थव्यवस्था उसकी समकक्ष दूसरी अर्थव्यवस्थाओं के मुकाबले अधिक तेजी से आगे बढ़ेगी।’’
एस एण्ड पी ने कहा है कि 2020 से 2024 की अवधि में, ‘‘समर्थन देने वाली मौद्रिक, वित्तीय और चक्रीय कारकों के चलते आर्थिक सुधार को समर्थन मिलेगा और इस दौरान वास्तविक जीडीपी वृद्धि औसतन 7.1 प्रतिशत के दायरे में रहेगी।’’


Download Android App
Download iOS App



