Meta Layoffs 2026: आईटी सेक्टर में काम करने वालों के लिए दिन पर दिन मुश्किलें बढ़ती जा रही है। बड़ी-बड़ी कंपनियों में लगातार हो रही छंटनी ने प्रोफेशनल्स की चिंता बढ़ा दी है। अब यह समस्या केवल एक कंपनी तक सीमित नहीं रही, बल्कि पूरी टेक इंडस्ट्री बदलाव के दौर से गुजर रही है। इस बीच अब Meta एक बार फिर बड़े पैमाने पर कर्मचारियों की छंटनी करने की योजना बना रही है।
रिपोर्ट्स के अनुसार, आने वाले महीनों में कंपनी करीब 16,000 कर्मचारियों को निकाल सकती है। बताया जा रहा है कि इस प्रक्रिया की शुरुआत 20 मई के आसपास हो सकती है, जहां पहले चरण में लगभग 8,000 लोगों की नौकरी जा सकती है।
Meta Layoffs 2026: AI बन रही वजह
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, पिछले साल के अंत तक कंपनी में करीब 79,000 कर्मचारी काम कर रहे थे। इस फैसले के पीछे सबसे बड़ी वजह आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का तेजी से बढ़ता इस्तेमाल है। कंपनी के सीईओ Mark Zuckerberg अब एआई, मशीन लर्निंग और ऑटोमेशन पर ज्यादा ध्यान दे रहे हैं। इससे कई ऐसे काम जो पहले इंसान करते थे, अब सॉफ्टवेयर के जरिए पूरे किए जा रहे हैं, जिससे कर्मचारियों की जरूरत कम हो रही है।
सिर्फ टेक नहीं, एंटरटेनमेंट सेक्टर पर भी असर
नौकरियों पर संकट सिर्फ टेक कंपनियों तक सीमित नहीं है। एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री भी इससे अछूती नहीं रही। Disney ने भी लगभग 1,000 कर्मचारियों की छंटनी का फैसला लिया है। कंपनी के प्रमुख Josh D’Amaro ने इस बदलाव की जानकारी दी। बताया जा रहा है कि यह कंपनी के हाल के वर्षों का बड़ा आंतरिक बदलाव है। इसका सबसे ज्यादा असर Marvel Studios पर पड़ा है, जहां करीब 8 प्रतिशत कर्मचारियों को नौकरी से निकाल दिया गया है।
ओरेकल की सख्त शर्तों से बढ़ी परेशानी
दूसरी ओर, Oracle ने भी बड़े स्तर पर छंटनी की है। कंपनी ने दुनियाभर में करीब 30,000 कर्मचारियों को निकाला है, जिनमें भारत के लगभग 12,000 कर्मचारी शामिल हैं। ओरेकल की एक शर्त ने कर्मचारियों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। कंपनी ने कहा है कि जब तक कर्मचारी DocuSign के जरिए भेजे गए दस्तावेजों पर साइन नहीं करेंगे, तब तक उन्हें कोई मुआवजा (सेवरेंस पैकेज) नहीं मिलेगा।
यानी बिना हस्ताक्षर के पैसा नहीं दिया जाएगा। इस मुद्दे पर कंपनी की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। टेक सेक्टर में हो रही छंटनी के आंकड़े भी चिंता बढ़ाने वाले हैं। छंटनी पर नजर रखने वाली वेबसाइट Layoffs.fyi के मुताबिक, इस साल अब तक 73,000 से ज्यादा टेक कर्मचारियों की नौकरी जा चुकी है।
यह भी पढ़ें: अमेरिका-ईरान सीजफायर के बाद शेयर बाजार बना रॉकेट, जानें इस सप्ताह निवेशकों की कितनी हुई चांदी























