तोक्यो : जापान की कार बनाने वाली कंपनी निसान मोटर्स के शेयरधारकों ने सोमवार को कंपनी के पूर्व चेयरमैन कार्लोस घोसन को निदेशक मंडल से बाहर कर दिया। गौरतलब है कि घोसन विभिन्न वित्तीय अनियमितताओं के आरोपों का सामना कर रहे हैं। इसके चलते वह हिरासत में हैं। उन पर अपनी आय को छिपाने का आरोप प्रमुख है। इसके लिए शेयरधारकों की एक असाधारण बैठक तोक्यो के एक होटल में बुलायी गयी।
यह 65 वर्षीय घोसन के 19 नवंबर 2018 में गिरफ्तार होने के बाद कंपनी की ओर से बुलायी गयी पहली ऐसी बैठक है। बैठक में घोसन को कंपनी से बाहर करने पर मतदान के साथ-साथ ग्रेग केली को हटाने के प्रस्ताव पर भी शेयरधारकों के वोट लिए गए। केली को घोसन का दायां हाथ माना जाता है। वह भी जापान में समान आरोपों का सामना कर रहे हैं। बैठक में घोसन के स्थान पर रेनॉ के चेयरमैन जीन डोमिनिक्यू सेनार्ड को निसान की जिम्मेदारी देने के प्रस्ताव पर भी मुहर लगा दी गई।


Download Android App
Download iOS App



