नई दिल्ली : मुकेश अंबानी की रिलायंस जियो ने 2018-19 में 2,964 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ अर्जित किया है। रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड की इकाई रिलायंस जियो ने करीब ढाई साल पहले ही देश के दूरसंचार क्षेत्र में कदम रखा था और महज 30 महीने में 30 करोड़ ग्राहकों का आँकड़ा पार कर लिया है। कंपनी के गुरुवार को घोषित नतीजों के अनुसार, गत 31 मार्च को समाप्त वित्त वर्ष में उसे 15,102 करोड रुपये का कर पूर्व मुनाफा हुआ है जो एक साल पहले की तुलना में सवा दो गुना अधिक था।
परिचालन मार्जिन 38.9 प्रतिशत रहा। समाप्त वित्त वर्ष की अंतिम तिमाही में रिलायंस जियो ने कर पूर्व 4,053 करोड़ रुपये का लाभ कमाया जो तीसरी तिमाही से 13.4 प्रतिशत अधिक है। अंबानी ने कंपनी के अन्य कारोबार में भी जोरदार बढ़तरी के लिए बधाई देते हुए कहा कि मुझे रिलायंस की टीम पर गर्व है। इन उपलब्धियों की जड़ में रिलायंस टीम की कड़ी मेहनत और समर्पण है। रिलायंस जियो का 2018-19 में प्रति उपभोक्ता राजस्व (एआरपीयू) 126.2 रुपये रहा।
चौथी तिमाही में जियो के ग्राहकों ने औसतन हर माह 10.9 जीबी डाटा इस्तेमाल किया तथा 823 मिनट की वॉयस कॉल की। चौथी तिमाही में कंपनी के साथ दो करोड़ 66 लाख नये ग्राहक जुड़। इस अवधि में ग्राहकों ने 956 करोड़ जीबी वायरलेस डाटा का इस्तेमाल किया और कुल 72,414 करोड़ मिनट बात की। उधर भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (ट्राई) के नवीनतम आँकड़े के अनुसार, जियो का वायरलेस उपभोक्ताओं के बाजार में हिस्सा फरवरी माह की समाप्ति पर 25.11 प्रतिशत पर पहुँच गया।


Download Android App
Download iOS App



