नई दिल्ली : भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) के चेयरमैन रजनीश कुमार ने कहा है कि बैंक ने पहले ही ब्याज दर में कटौती की है और कोष की सीमान्त लागत नीचे आने पर इसमें और कमी की जाएगी। रिजर्व बैंक ने पिछले सप्ताह रेपो दर को चौथाई प्रतिशत घटाया था। उसके बाद देश के सबसे बड़े बैंक एसबीआई ने 30 लाख रुपये तक के आवास ऋण पर ब्याज दर में मात्र 0.05 प्रतिशत की कटौती की थी।
कुमार ने कहा कि हमारे पास जो भी गुंजाइश थी, हमने दरो में कटौती की है। यदि हमारी कोष की सीमान्त लागत नीचे आती है तो हम उसका लाभ ग्राहकों को स्थानांतरित करेंगे। क्रेडाई के सम्मेलन को संबोधित करते हुए कुमार ने कॉरपोरेट बांड बाजार को विकसित करने की जरूरत पर जोर देते हुए कहा कि इससे लंबी अवधि की परियोजनाओं के वित्तपोषण में मदद मिलेगी और बैंकों पर बुनियादी ढांचा परियोजनाओं के वित्तपोषण का बोझ कम हो सकेगा।
कुमार ने कहा कि भारत में अभी बैंकों की प्रमुख भूमिका है। बांड बाजार अभी विकसित नहीं है और पूंजी के लिए काफी हद तक बैंकों पर निर्भर रहना पड़ता है। ऐसे में हमें बांड बाजार के विकास के लिए अभी काफी कुछ करना होगा।


Download Android App
Download iOS App



