विदेशी कोषों के लगातार बाहर जाने के बीच एचडीएफसी, एचडीएफसी बैंक, इंफोसिस और आईसीआईसीआई बैंक जैसे बड़े शेयरों में गिरावट के चलते प्रमुख शेयर सूचकांक सेंसेक्स शुक्रवार को शुरुआती कारोबार में 95 अंक से अधिक गिर गया। इस दौरान 30 शेयरों वाला सूचकांक 96.18 अंक या 0.17 प्रतिशत की गिरावट के साथ 55,852.92 पर कारोबार कर रहा था।
इसी तरह व्यापक एनएसई निफ्टी 23.70 अंक या 0.14 प्रतिशत फिसलकर 16,613.20 पर आ गया। सेंसेक्स में सबसे अधिक एक प्रतिशत की गिरावट एमएंडएम में हुई। इसके अलावा एचडीएफसी, टेक महिंद्रा, आईसीआईसीआई बैंक, इंफोसिस और इंडसइंड बैंक गिरने वाले प्रमुख शेयरों में शामिल थे।
दूसरी ओर अल्ट्राटेक सीमेंट, बजाज फिनसर्व, एलएंडटी, टाटा स्टील, बजाज फाइनेंस और भारती एयरटेल में बढ़त देखने को मिली। पिछले सत्र में बीएसई सूचकांक 4.89 अंक या 0.01 प्रतिशत बढ़कर 55,949.10 पर बंद हुआ था, जबकि निफ्टी 2.25 अंक या 0.01 प्रतिशत बढ़कर 16,636.90 पर बंद हुआ।
शेयर बाजार के अस्थाई आंकड़ों के मुताबिक विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने गुरुवार को सकल आधार पर 1,974.48 करोड़ रुपये के शेयर बेचे। इस बीच अंतरराष्ट्रीय तेल बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड 1.03 प्रतिशत बढ़कर 71.80 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।


Download Android App
Download iOS App



