कैफे कॉफी डे (सीसीडी) ब्रांड नाम से कॉफी रेस्तरां का संचालन करने वाली कंपनी कॉफी डे एंटरप्राइजेज लिमिटेड के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक वीजी सिद्धार्थ का शव बुधवार सुबह बरामद होने के बाद कंपनी का शेयर 20 प्रतिशत टूट गया।
अधिकारियों ने कहा कि सिद्धार्थ सोमवार से लापता थे। उनका शव 36 घंटे चली तलाश के बाद दक्षिण कन्नड़ जिले के नेत्रवती नदी से बरामद हुआ। इसके बाद कंपनी का शेयर बीएसई में 20 प्रतिशत टूटकर 52 सप्ताह के निचले स्तर 123.25 रुपये पर आ गया। एक कारोबारी दिवस में किसी कंपनी का शेयर अधिकतम 20 प्रतिशत ही गिर सकता है।
एनएसई में भी कंपनी का शेयर 20 प्रतिशत गिरकर एक साल के निचले स्तर 122.75 रुपये पर आ गया। पिछले दो दिन में बीएसई में कंपनी का बाजार पूंजीकरण 1,463.32 करोड़ रुपये कम होकर 2,603.68 करोड़ रुपये पर आ गया। इससे पहले मंगलवार को भी सीसीडी का शेयर 20 प्रतिशत टूटा था।


Download Android App
Download iOS App



