विदेशी बाजारों से मिले कमजोर संकेतों से घरेलू शेयर बाजार में मंगलवार को सुस्त कारोबारी रुझानों के बीच सेंसेक्स आरंभिक कारोबार के दौरान 250 अंक से ज्यादा टूटा और निफ्टी में भी 50 अंकों से ज्यादा की गिरावट के साथ कारोबार चल रहा था।
मंगलवार सुबह 9.50 बजे सेंसेक्स बीते सत्र से 234.11 अंकों यानी 0.51 फीसदी की कमजोरी के साथ 46,019.35 पर कारोबार कर रहा था जबकि इससे पहले सेंसेक्स 46,000 के मनोवैज्ञानिक स्तर से नीचे तक फिसला। वहीं, निफ्टी बीते सत्र से 50.50 अंकों यानी 0.37 फीसदी की कमजोरी के साथ 13,507.65 पर बना हुआ था।
जानकार बताते हैं कि कोरोना वायरस के बढ़ते प्रकोप ने वैक्सीन की प्रगति से बने उत्साह को कमतर कर दिया है जिससे मंगलवार को एशियाई बाजारों में कमजोरी बनी हुई थी। बंबई स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) के 30 शेयरों पर आधारित प्रमुख संवेदी सूचकांक सेंसेक्स हालांकि बीते सत्र के मुकाबले 33.93 अंकों की बढ़त के साथ 46,287.39 पर खुला लेकिन मुनाफावसूली के दबाव में जल्द ही फिसलकर 45,966.20 पर आ गया।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) के 50 शेयरों पर आधारित प्रमुख संवेदी सूचकांक निफ्टी बीते सत्र से 10.95 अंकों की कमजोरी के साथ 13,547.20 खुला और आरंभिक कारोबार के दौरान 13,478.40 तक फिसला।


Download Android App
Download iOS App



