शेयर बाजार के प्रमुख सूचकांकों सेंसेक्स और निफ्टी में शुक्रवार को करीब आधा प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। दूरसंचार कंपनियों के 1.47 लाख करोड़ रुपये का राजस्व बकाए का भुगतान नहीं करने पर उच्चतम न्यायालय के सख्त रुख के चलते बैंकिंग शेयरों पर दबाव बढ़ गया। इस दौरान 30 शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 202.05 अंक या 0.49 प्रतिशत गिरकर 41,257.74 पर बंद हुआ।
सूचकांक में शामिल 22 शेयर घाटे में बंद हुए। एनएसई निफ्टी 61.20 अंक या 0.50 प्रतिशत गिरकर 12,113.50 पर बंद हुआ। दिन में बैंकिंग, ऑटो, एफएमसीजी और एनर्जी शेयरों में बिकवाली देखने को मिली। सेंसेक्स में इस दौरान इंडसइंड बैंक में सबसे अधिक 4.38 प्रतिशत की गिरावट देखने को मिली।
एसबीआई में 2.41 प्रतिशत, एचडीएफसी बैंक में 1.77 प्रतिशत और एक्सिस बैंक में 1.5 प्रतिशत की गिरावट दर्ज हुई। ऑटो, एफएमसीजी और बिजली शेयर भी गिरावट के साथ बंद हुए।


Download Android App
Download iOS App



