नई दिल्ली : देश में फोन उपभोक्ताओं की संख्या फरवरी अंत तक बढ़कर 120.5 करोड़ हो गई। भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (ट्राई) द्वारा बृहस्पतिवार को जारी आंकड़ों में यह जानकारी दी गई। मुख्य रूप से रिलायंस जियो और सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी बीएसएनएल के ग्राहकों की संख्या बढ़ने से आंकड़ा बढ़ा है। रिलायंस जियो और बीएसएनएल ने संयुक्त रूप से 86.39 लाख नए मोबाइल कनेक्शन जोड़े।
हालांकि, अन्य दूरसंचार आपरेटरों के मोबाइल कनेक्शनों की संख्या शुद्ध रूप से 69.93 लाख घटी है। सबसे अधिक ग्राहक वोडाफोन आइडिया के घटे हैं। ट्राई की उपभोक्ताओं की संख्या पर मासिक रिपोर्ट के अनुसार फरवरी अंत तक देश में दूरसंचार उपभोक्ताओं की संख्या बढ़कर 120.54 करोड़ हो गई, जो जनवरी अंत तक 120.37 करोड़ थी। इस दौरान मोबाइल कनेक्शनों की संख्या बढ़कर 118.36 करोड़ पर पहुंच गई, जो जनवरी के अंत तक 118.19 करोड़ थी।
इस दौरान रिलायंस जियो ने 77.93 लाख नए कनेक्शन जोड़े और उसके कुल उपभोक्ताओं की संख्या फरवरी अंत तक 29.7 करोड़ पर पहुंच गई। कंपनी के एक विज्ञापन के मुताबिक उसके ग्राहकों की संख्या 30 करोड़ के पार निकल चुकी है। बीएसएनएल ने नौ लाख नए मोबाइल ग्राहक जोड़े और फरवरी में उसके ग्राहकों का आंकड़ा 11.62 करोड़ पर पहुंच गया।
बीएसएनएल के चेयरमैन और प्रबंध निदेशक अनुपम श्रीवास्तव ने कहा कि जियो के अलावा केवल बीएसएनएल का ही ग्राहक आधार बढ़ा है। इससे पता चलता है कि ग्राहकों को कंपनी पर विश्वास है। हमारे उन्नत बनाये गये 3जी नेटवर्क से हम ग्राहक जोड़ने और प्रतिस्पर्धा में आगे बढ़ने में सफल हुये हैं।


Download Android App
Download iOS App



