कोरोना वायरस के डर से इस साल होली पर उपभोक्ताओं के साथ-साथ व्यापारी भी चीन से आयातित सामान खरीदने में हिचकिचा रहे हैं।
व्यापारियों के संगठन कनफेडरेशन आफ आल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) ने बृहस्पतिवार को बयान में कहा कि कोरोना वायरस की वजह से अन्य राज्यों के व्यापारी दिल्ली में होली की खरीदारी के लिए नहीं आ रहे हैं। इससे चीन के सामान का आयात करने वाले लोगों के पास इनका स्टॉक जमा हो गया है।
कैट के महासचिव प्रवीन खंडेलवाल ने कहा कि एक अनुमान के अनुसार, होली से संबंधित लगभग 500 करोड़ रुपये का चीनी सामान दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु और चेन्नई के आयातकों के पास पड़ा है। वहीं लगभग 3000 करोड़ रुपये का चीनी सामान आपूर्ति श्रृंखला में पड़ा है।
रंगों का त्योहार होली 10 मार्च को है।
कैट ने कहा कि कोरोना वायरस को लेकर कुछ अनावश्यक डर पैदा हो गया है, जिससे भारतीय बाजार बुरी तरह प्रभावित हुआ है।
खंडेलवाल ने कहा कि एक सामान्य कारोबार के रूप में आयातक 45 दिन से 60 दिन तक बफर स्टॉक अपने पास रखता है और उस अनुपात में नियमित अंतराल पर चीनी सामानों की खरीद की जाती है। कोरोना वायरस दिसंबर, 2019 के अंत में सामने आया और जनवरी के पहले सप्ताह में सुर्खियों में आया।
कैट ने कहा कि अब तक 45-60 दिनों के बफर स्टॉक ने आपूर्ति श्रृंखला को बनाए रखा है। हालांकि, ऐसे बफर स्टॉक अब समाप्त होने जा रहे हैं और उसके बाद आपूर्ति श्रृंखला बुरी तरह प्रभावित हो जाएगी।


Download Android App
Download iOS App



