10वीं और 12वीं सीबीएसई बोर्ड परीक्षा की फीस बढ़ी

Summary :

केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने शैक्षणिक वर्ष 2019-20 की दसवीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा के लिए फीस संरचना में संशोधन किया है।

नई दिल्ली : केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने शैक्षणिक वर्ष 2019-20 की दसवीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा के लिए फीस संरचना में संशोधन किया है। इसके तहत जहां सामान्य वर्ग के छात्रों की परीक्षा फीस दोगुना हो गई है तो वहीं एससी और एसटी वर्ग के छात्रों की परीक्षा फीस 24 गुना बढ़ा दी गई है। यानी एससी और एसटी वर्ग के छात्रों को अब 50 रुपए के बजाए 1200 रुपए का भुगतान करना होगा। वहीं सामान्य वर्ग के छात्रों को 750 के बजाए 1500 रुपए देने होंगे।
अतिरिक्त विषय के लिए 300 रुपए
12वीं कक्षा में प्रत्येक अतिरिक्त विषय के लिए छात्रों को 300 रुपए का भुगतान करना होगा। पहले एसएसी और एसटी वर्ग के छात्रों को अतिरिक्त विषय के लिए कोई शुल्क नहीं देना पड़ता था, लेकिन अब उन्हें भी सामान्य वर्ग के छात्रों की तरह प्रत्येक अतिरिक्त विषय के लिए 300 रुपए का भुगतान करना होगा। वहीं 100 प्रतिशत दृष्टिहीन छात्रों को सीबीएसई द्वारा परीक्षा फीस में छूट दी गई है।
कौन, कितनी भरेगा फीस
एसटी, एसटी के छात्रों को पांच विषयों के लिए 1200 रुपए का भुगतान करना होगा, जबकि पहले उन्हें 50 रुपए का भुगतान करना होता था। वहीं सामान्य श्रेणी के छात्रों को पहले जहां पांच विषयों के लिए 750 रुपए भुगतान करते थे, उन्हें अब 1500 रुपए भुगतान करना होगा। सीबीएसई द्वारा पिछले हफ्ते फीस में बदलाव की अधिसूचना जारी की गई है। 
वहीं सीबीएसई ने यह स्पष्ट कह दिया है कि वे स्कूल, जिन्होंने पहले से ही पंजीकरण प्रक्रिया शुरू कर दी थी और उन्होंने छात्रों से पुरानी फीस संरचना के अनुसार फीस ली थी, वे फीस के अंतर को वसूल सकते हैं। ज्ञात हो कि दसवीं बोर्ड परीक्षा के लिए नौंवी कक्षा में पंजीकरण किया जाता है और बारहवीं कक्षा के लिए ग्यारहवीं कक्षा में पंजीकरण किया जाता है। 

Desk Team