दक्षिणी दिल्ली : साउथ दिल्ली की महरौली पुलिस ने दो अलग-अलग कार्रवाई करते हुए जहां 184 किलोग्राम पटाखे जब्त किए, वहीं मामले में तीन लोगों को भी गिरफ्तार किया है। इनमें से जहां एक शख्स पिछले साल के स्टॉक किए गए पटाखों को बेच रहा था, वहीं दो लोग हरियाणा से कार में पटाखे लेकर दिल्ली आ रहे थे।
बीच रास्ते कार की जांच के दौरान दोनों को पकड़ लिया गया। तीनों की पहचान गौतम नगर निवासी उमेश कुमार, मालवीय नगर निवासी अमन वशिष्ठ और महरौली निवासी सुनील सिंह के तौर पर हुई, जिनके पास से बरामद पटाखे जब्त कर लिए गए हैं।
साउथ जिला पुलिस उपायुक्त अतुल कुमार ठाकुर ने बताया महरौली एसएचओ वेदप्रकाश की टीम ने एक गुप्त सूचना के आधार पर अंधेरिया मोड़ के पास 23 अक्टूबर की देर रात कारों की जांच शुरू की। जहां पहुंची एक कार को रुकवाकर जब उसकी तलाशी ली गई, वहां से 94 किलोग्राम पटाखे बरामद हुए।
कार सवार दोनों शख्स की पहचान उमेश कुमार और अमन के तौर पर की गई है, जिनके खिलाफ केस भी दर्ज किया गया। वहीं, एक अन्य मामले में दोपहर ढाई बजे के आसपास पटाखे बेचे जाने की सूचना पर पुलिस ने इलाके के ही बनिया मोहल्ला निवासी सुनील सिंह को हिरासत में लेकर उसके पास से 90 किलो पटाखे जब्त किए हैं।


Download Android App
Download iOS App



