Health News : दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने मौसमी बीमारी इन्फ्लुएंजा, स्वाइन फ्लू और वेक्टर जनित बीमारियों डेंगू-मलेरिया से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। विभागीय बैठक में स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एमसीडी, एनडीएमसी और दिल्ली कैंटोनमेंट के अधिकारी भी शामिल हुए। मंत्री ने बीमारियों की स्थिति, सर्विलांस, अस्पतालों की तैयारियां, दवाइयों व टेस्टिंग सुविधाओं की उपलब्धता और जागरूकता उपायों की बारीकी से जांच की।
उन्होंने निर्देश दिए कि तैयारियां सिर्फ रिपोर्ट और आंकड़ों तक सीमित न रहें, बल्कि जमीनी स्तर पर असर दिखे। राजधानी में अब तक स्वाइन फ्लू के 2308 मामले सामने आए हैं। वर्ष 2026 में इन्फ्लुएंजा ए+बी के लगभग 3000 मामले दर्ज हुए हैं। इस वर्ष स्वाइन फ्लू प्रमुख सबटाइप है, जबकि पिछले वर्ष एच3एन2 प्रमुख था। डेंगू के 570 और मलेरिया के 215 मामले सामने आए हैं। अब तक इनसे कोई मौत नहीं हुई।
डॉ. सिंह ने बताया कि केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे.पी. नड्डा के साथ हुई बैठक में केंद्र सरकार ने दिल्ली को पूरा सहयोग देने का आश्वासन दिया है। दिल्ली की घनी आबादी और कनेक्टेड शहरी वातावरण संक्रमण फैलने में योगदान कर सकते हैं, इसलिए जागरूकता और बचाव उपाय जरूरी हैं।एमसीडी, एनडीएमसी और दिल्ली कैंटोनमेंट को एंटी-लार्वा गतिविधियां, स्प्रेइंग व फॉगिंग तेज करने, स्कूलों-अस्पतालों व सार्वजनिक स्थानों के आसपास मच्छर प्रजनन स्रोत खत्म करने तथा जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। समयबद्ध एक्शन टेकन रिपोर्ट मांगी गई। परिवहन विभाग, डीएमआरसी सहित सभी एजेंसियों से आईईसी गतिविधियां मजबूत करने को कहा गया।आईएलआई/एसएआरआई सर्विलांस बढ़ाया जाएगा। मामलों की जल्द पहचान, रिपोर्टिंग, एंटीवायरल दवाओं और अस्पताल व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी। केंद्र की स्वास्थ्य एडवाइजरी सभी अस्पतालों में लागू की जा रही है।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा, “दिल्ली के नागरिकों को घबराने की जरूरत नहीं। हमारी स्वास्थ्य व्यवस्था पूरी तरह तैयार है। जागरूकता और बचाव उपाय जमीनी स्तर तक पहुंचने चाहिए।” उन्होंने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में समन्वय और प्रभावी कार्रवाई पर जोर दिया।उन्होंने दिल्लीवासियों से अपील की कि श्वसन संबंधी सावधानियां व स्वच्छता अपनाएं, अस्वस्थ होने पर दूसरों से दूरी रखें और लक्षण बने रहने पर तुरंत डॉक्टर से सलाह लें। प्राथमिकता जल्द पहचान, समय पर उपचार, रोकथाम और जनता को सुरक्षित रखना है।



Download Android App
Download iOS App




