Delhi Corona Update : कोरोना संक्रमण के 30 नए मामलों की हुई पुष्टि, सितंबर महीने में एक भी मौत नहीं

Summary :

दिल्ली में बुधवार को कोविड-19 के 30 नए मामले आए और एक भी मरीज की मौत नहीं हुई जबकि संक्रमण दर 0.04 प्रतिशत रही।

दिल्ली में बुधवार को कोविड-19 के 30 नए मामले आए और एक भी मरीज की मौत नहीं हुई जबकि संक्रमण दर 0.04 प्रतिशत रही। दिल्ली सरकार के स्वास्थ्य बुलेटिन में यह जानकारी दी गयी है। राष्ट्रीय राजधानी में सितंबर में अभी तक इस संक्रमण से केवल तीन मरीजों की मौत हुई है। बुलेटिन में कहा गया है कि दिल्ली में संक्रमण के कुल मामले 14,38,586 हो गए हैं जबकि 14.13 लाख से अधिक लोगों को स्वस्थ होने पर अस्पताल से छुट्टी दी गई या दिल्ली से अन्य जगह चले गए हैं। पिछले 24 घंटों में 19 मरीजों को अस्पताल से छुट्टी दी गई है। 
इसमें कहा गया है कि मृतकों की संख्या 25,085 पर बनी हुई है और संक्रमण दर 1.74 प्रतिशत है। बुलेटिन के अनुसार, मंगलवार को कोविड-19 का पता लगाने के लिए 70,651 नमूनों की जांच की गयी। इनमें से 49,728 आरटी-पीसीआर जांच की गयी जबकि बाकी रैपिड एंटीजन जांच की गयी। वहीं अगर बात करें पुरे भारत में कुल कोरोना मामलों की तो देश में पिछले 24 घंटे में कोरोना संक्रमण के 26,964 नए मामले सामने आने के बाद देश में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 3,35,31,498 हो गई। वहीं, उपचाराधीन मरीजों की संख्या कम होकर 3,01,989 रह गई है, जो 186 दिन में सबसे कम है।
केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से बुधवार सुबह आठ बजे जारी किए गए अद्यतन आंकड़ों के अनुसार, संक्रमण से 383 और लोगों की मौत के बाद मृतक संख्या बढ़कर 4,45,768 हो गई। मंत्रालय ने बताया कि देश में उपचाराधीन मामले कुल मामलों का 0.90 प्रतिशत है, जो मार्च 2020 से सबसे कम संख्या है, जबकि लोगों के ठीक होने की राष्ट्रीय दर 97.77 प्रतिशत दर्ज की गई, जो मार्च 2020 के बाद से सर्वाधिक है। पिछले 24 घंटे में उपचाराधीन मरीजों की संख्या में कुल 7,586 कमी दर्ज की गई।

Desk Team