Shahdara District Cyber Cell : शाहदरा डिस्ट्रिक्ट साइबर सेल ने शेयर बाजार और आईपीओ में निवेश के नाम पर भारी मुनाफा कमाने का लालच देकर 4.75 लाख रुपये की धोखाधड़ी की जांच करते हुए करीब तीन करोड़ की ठगी का खुलासा किया है। पुलिस टीम ने तकनीकी जांच के आधार पर ओडिशा से सुब्रत कुमार साहू नामक के एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के बैंक खाते की जांच में महज दो महीने के भीतर लगभग 2.97 करोड़ रुपये के संदिग्ध लेन-देन का चौंकाने वाला खुलासा हुआ है।
डीसीपी (शाहदरा) आरपी मीणा के अनुसार, राम चंदर यादव नामक शिकायतकर्ता ने साइबर थाने में ई-एफआईआर दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि एक व्हाट्सएप पर मिले जालसाजों ने फर्जी ट्रेडिंग ऐप पर झूठा मुनाफा दिखाकर कुल 4.75 लाख निवेश करवा लिए। जब शिकायतकर्ता ने अपनी मुनाफे की रकम निकालनी चाही, तो ठगों ने प्रोसेसिंग फीस और टैक्स के नाम पर बारह लाख रुपये की अतिरिक्त मांग की। शक होने पर पीड़ित ने पुलिस में शिकायत दी। साइबर थाना पुलिस ने इस मामले में तफ्तीश शुरू कर दी।
पुलिस ने जब आरोपी के बैंक खातों की पड़ताल की तो पता चला कि ठगी गई रकम का बड़ा हिस्सा ‘फ्यूजन एंटरप्राइजेज’ के कॉर्पोरेट खाते में ट्रांसफर हुआ था। इसके बाद खाते में लिंक मोबाइल नंबर की लोकेशन ओडिशा में मिलने के बाद आरोपी सुब्रत कुमार साहू को दबोच लिया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी ने अवैध वित्तीय लेन-देन के लिए सात बैंक खाते खोल रखे थे। पुलिस ने एक मोबाइल और सिम कार्ड बरामद किया है। जांच में यह साफ हुआ है कि बैंक खाता देशभर में दर्ज 17 साइबर धोखाधड़ी की शिकायतों से सीधे तौर पर जुड़ा है।



Download Android App
Download iOS App




