ठंड से 44 की मौत , CM केजरीवाल का LG पर निशाना, DUSIB सीईओ से मांगा जवाब

Summary :

NULL

राजधानी में सर्दी के कारण 44 लोगों की मौत हो गई है। जिसके बाद दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने डीयूएसआईबी के सीईओ को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। साथ ही, केजरीवाल ने दिल्ली में ठंड से हुई मौतों को लेकर दिल्ली के उपराज्यपाल पर निशाना साधा है।

मुख्यमंत्री ने इस कार्रवाई की जानकारी अपने ट्विटर अकाउंट के जरिए दी है। केजरीवाल का कहना है मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक पिछले साल दिल्ली में ठंड से 44 बेघर लोगों की मौत हुई। इस मामले में वह DUSIB (दिल्ली अर्बन शेल्टर इंप्रूवमेंट बोर्ड) के सीईओ को कारण बताओ नोटिस जारी कर रहे हैं।

केजरीवाल ने आगे कहा है, ‘इस साल एलजी ने एक बेकार अधिकारी को इस पद पर नियुक्त किया। एलजी अधिकारियों को नियुक्त करने से पहले हमसे मशविरा लेने से इनकार करते रहे हैं। ऐसे में हम सरकार कैसे चलाएं?’

सौरभ भारद्वाज ने भी उक्त अधिकारी पर उठाए सवाल

केजरीवाल के ट्वीट के बाद ग्रेटर कैलाश से आम आदमी पार्टी के विधायक और आप के प्रवक्ता सौरभ भारद्वाज ने भी उक्त अधिकारी पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा, ‘इस अधिकारी के खिलाफ असेंबली कमेटी ने उनके सर्विस रिकॉर्ड के दौरान प्रतिकूल टिप्पणी की थी। प्रमुख सचिव कुट्टी कमेटी के खिलाफ इस अधिकारी का बचाव करने हाई कोर्ट तक गए थे। माननीय उपराज्यपाल ऐसे अधिकारियों के खिलाफ कभी कार्रवाई नहीं करेंगे।’

आपको बता दें कि राष्ट्रीय राजधानी में 6 जनवरी को मौसम का सबसे सर्द दिन रहा था। इसके एक दिन बाद 7 जनवरी को न्यूनतम तापमान में एक डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई और यह बढ़ कर 6.4 डिग्री सेल्सियस हो गई।

6 जनवरी को न्यूनतम तापमान 4.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया, ‘सफदरजंग वेधशाला का न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस अधिक 6.4 डिग्री सेल्सियस जबकि अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस के करीब बने रहने का अनुमान है।’

अधिक जानकारियों के लिए बने रहिये पंजाब केसरी के साथ

Desk Team