दिल्ली में एक जनवरी से 450 चिकित्सा जांच निशुल्क होंगी

Summary :

आम आदमी पार्टी की सरकार एक जनवरी से दिल्ली के अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों पर 450 प्रकार की चिकित्सा जांच निशुल्क उपलब्ध कराएगी।

आम आदमी पार्टी (आप) की सरकार एक जनवरी से दिल्ली के अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों पर 450 प्रकार की चिकित्सा जांच निशुल्क उपलब्ध कराएगी।
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि इस कदम से उन लोगों को मदद मिलेगी, जो निजी स्वास्थ्य देखभाल सुविधाओं का खर्च वहन करने में असमर्थ हैं।
अधिकारियों ने बताया कि दिल्ली सरकार अभी 212 चिकित्सा जांच निशुल्क उपलब्ध कराती है।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री केजरीवाल ने अस्पतालों और मोहल्ला क्लिनिक में 238 और जांच निशुल्क उपलब्ध कराने के स्वास्थ्य विभाग के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है।
उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘सभी को अच्छी गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं तथा शिक्षा मुहैया कराना हमारा मिशन है, चाहे किसी की आर्थिक स्थिति कैसी भी हो। स्वास्थ्य देखभाल सुविधाएं बहुत महंगी हो गयी हैं। कई लोग निजी स्वास्थ्य देखभाल सुविधाओं का खर्च वहन नहीं कर सकते हैं। इस कदम से ऐसे सभी लोगों को मदद मिलेगी।’’
यह सुविधा दिल्ली के लोगों के लिए होगी।
सरकार ने 238 नयी निशुल्क जांचों में से 170 जांच की सूची साझा की है।
इन जांच में रक्त समूह, आरएच टाइप जांच, क्रॉस मैच, बेंस जोन्स प्रोटीन, सीरम यूरिक एसिड, सीरम आयरन आदि शामिल हैं।
केजरीवाल ने कहा कि सभी को अच्छी गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं और शिक्षा मुहैया कराना सरकार का लक्ष्य है, चाहे उनकी आर्थिक स्थिति कैसी भी हो। यह सुविधा दिल्ली के लोगों को मिलेगी।
‘आम आदमी मोहल्ला क्लिनिक’ की वेबसाइट के मुताबिक, ऐसे क्लीनिक में लोग 200 से ज्यादा जांच करा सकते हैं।
इनमें मल-मूत्र संबंधी जांच, हीमोग्लोबिन, टीएलसी, डीएलसी, सीबीसी, प्लेटलेट काउंट आदि जांच शामिल हैं।
मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) ने एक बयान में कहा, “मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने निवासियों के लिए 450 प्रकार के परीक्षण मुफ्त प्रदान करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। दिल्ली के लोग अगले साल एक जनवरी से दिल्ली सरकार द्वारा संचालित सभी अस्पतालों, मोहल्ला क्लीनिक और पॉलीक्लिनिक में इन सुविधाओं का लाभ उठा सकते हैं।”

Shera Rajput