भोपाल : मध्यप्रदेश के रायसेन जिले में एक युवक के हाथ कथित तौर पर 5 लोगों ने काट डाले। यह मामला रायसेन जिले के सुल्तानपुर थाना अंतर्गत ग्राम पीपलवाली का है, जहां पीड़ित युवक कल्लू उर्फ प्रेमनारायण साहू अपनी गायों को ढूंढने निकला था। पुलिस के मुताबिक, पीड़ित जब अपनी गायों की तलाश में सत्तू यादव के घर पहुंचा तो उससे उसकी बहस शुरू हो गई। इतने में आरोपी के घर से 5 लोग दौड़ चले आए और उन्होंने पीड़ित को पेड़ से बांधकर बुरी तरह मारा पीटा।
बताया जा रहा है कि प्रेमनारायण साहू की पिटाई के बाद इन लोगों ने तलवार से उसके दोनों हाथों पर वार किया। हमले में उसके एक हाथ कटकर अलग हो गए जबकि दूसरे हाथ पर गंभीर जख्म आए हैं। गंभीर रूप से घायल इस युवक को आरोपी मृतक समझ कर छोड़कर भाग गए। इसके बाद स्थानीय लोगों ने मामले की सूचना पुलिस को दी और पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर उसे स्थानीय अस्पताल भेजा, जहां से उसे भोपाल रेफर कर दिया गया।
पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ धारा 307 का मामला दर्ज कर लिया है और तीन आरोपियों की तलाश में जुट गई है। सुल्तानपुर के थाना प्रभारी राजेन्द्र कुमार धुर्वे ने कहा कि सत्तू, राहुल यादव, राजाराम यादव, उनकी पत्नी और मित्र रामू लोधी इन पांचों ने मिलकर इसके साथ मारपीट की। इसके बाद तलवार से दोनों हाथों पर वार किया जिसमें पीड़ित का एक हाथ अलग हो गया।
पुलिस का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। दो आरोपियों को हमने गिरफ्तार कर लिया है, तीन आरोपी फरार हैं।विवाद का कारण है फरियादी की गाय कहीं चली गई थी वो आरोपी से पूछने गया था। इस बात को लेकर उनमें बहस हो गई गांव के लोगों ने बीच बचाव किया तो प्रेम नारायण वहां से चला गया बाद में फिर आया तो दोनों में झगड़ा हुआ।


Download Android App
Download iOS App



