VIDEO : CM शिवराज की जनआशीर्वाद यात्रा के दौरान पथराव, दिखाए काले झंडे

Summary :

NULL

मध्य प्रदेश के चुरहट में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के काफिले पर हमले की घटना सामने आई है। यह हमला जनआशीर्वाद यात्रा के दौरान रविवार की रात सीधी जिले के चुरहट में हुआ। पथराव के समय मुख्यमंत्री रथ में मौजूद थे। हालांकि उन्हें कोई चोट नहीं आई। पुलिस ने कहा कि वह पूरी तरह सुरक्षित रहे। बीजेपी ने पत्थरबाजी का ठीकरा कांग्रेस पर फोड़ा है। पुलिस घटना की जांच कर रही है।

 

मुख्यमंत्री चौहान की जन आशीर्वाद यात्रा जब रात में करीब साढ़े नौ बजे चुरहट पहुंची तो अचानक यह स्थिति सामने आई। कुछ आक्रोशित लोग पत्थरबाजी करने लगे और काले झंडे ‌दिखाए। एक पत्थर रथ के शीशे पर लगा तो शीशा टूट गया। इस मामले में मुख्यमंत्री सहित पूरी बीजेपी कांग्रेस पर हमलावर रही। शिवराज सिंह चौहान ने ललकारते हुए कहा कि पत्थर फेंकने वालों में अगर हिम्मत हैं तो सामने आकर मुकाबले करें, छुपकर इस तरह की हरकतें ठीक नहीं हैं। उधर, इस घटना को लेकर बीजेपी नेता लोकेंद्र पाराशर ने ट्वीट किया तो मध्य प्रदेश बीजेपी इकाई ने रिट्वीट किया।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने एक कांग्रेसी नेता पर इशारों ही इशारों में हमला बोला। कहा कि तुम्हारे पिता जी मध्य प्रदेश के सीएम रहे, केंद्रीय मंत्री भी रहे, बीजेपी के कार्यक्रम में भी न्योता दिए जाने पर वह आए थे। मगर आप राजनीति को कहां ले जाओगे। माना जा रहा कि मुख्यमंत्री का यह इशारा कांग्रेस नेता अजय सिंह की ओर था।

बता दें कि राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के काफिले पर भी बीते दिनों पथराव हुआ था। यह घटना गौरव यात्रा के दौरान पीपड़ में हुई थी। जिसके बाद मुख्यमंत्री के सुरक्षा अफसरों ने हेलीकॉप्टर मंगाया, तब जाकर राजे जयपुर लौंटीं। उस दौरान भी पत्थरबाजी में बीजेपी ने कांग्रेस का हाथ बताया था।

Desk Team