नेग लेने के विवाद में, बेटे के जन्म की खुशी में सजी महफिल को मातम में बदला

Summary :

East District Crime News : ईस्ट डिस्ट्रिक्ट के कल्याणपुरी इलाके में बेटे के जन्म की खुशी में आयोजित पार्टी उस समय मातम में बदल गई, जब नेग को लेकर हुए विवाद में किन्नरों के साथ आए एक युवक ने नवजात बच्चे के पिता की चाकू घोंपकर हत्या कर दी। इस खौफनाक वारदात से गुस्साए लोगों ऐसा हंगामा शुरू कर दिया। आरोपी को पकड़ कर उसकी जमकर पिटाई शुरू कर दी। भीड़ के कब्जे में फंसे आरोपी को छुड़ाने के लिए कई थानों की फोर्स और अतिरिक्त बल मौके पर बुलाना पड़ गया। गुस्साई भीड़ ने पुलिस की कई बाइक और…

East District Crime News : ईस्ट डिस्ट्रिक्ट के कल्याणपुरी इलाके में बेटे के जन्म की खुशी में आयोजित पार्टी उस समय मातम में बदल गई, जब नेग को लेकर हुए विवाद में किन्नरों के साथ आए एक युवक ने नवजात बच्चे के पिता की चाकू घोंपकर हत्या कर दी। इस खौफनाक वारदात से गुस्साए लोगों ऐसा हंगामा शुरू कर दिया। आरोपी को पकड़ कर उसकी जमकर पिटाई शुरू कर दी। भीड़ के कब्जे में फंसे आरोपी को छुड़ाने के लिए कई थानों की फोर्स और अतिरिक्त बल मौके पर बुलाना पड़ गया। गुस्साई भीड़ ने पुलिस की कई बाइक और एक गाड़ी को क्षतिग्रस्त कर दिया। पुलिस ने किसी तरह आरोपी को अपने कब्जे में लिया और लोगों को समझा बुझाकर शांत किया। हालांकि अभी भी मौके पर भारी सुरक्षाबल तैनात है।

डीसीपी (ईस्ट) राजीव कुमार ने बताया कि मृतक की पहचान जय सिंह (22) के रूप में हुई है। हमले के दौरान बीच बचाव में जय सिंह के ससुर बिट्टू सिंह (45) और चचेरे ससुर गुड्डू सिंह (41) भी चाकू लगने से घायल हुए हैं। पुलिस ने इस बाबत केस दर्ज कर एक किन्नर और उसके साथ आए युवक सोनू को पकड़ लिया है। सोनू भीड़ की पिटाई में घायल हुआ है और उसका जीटीबी अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है। पुलिस घटनास्थल के आसपास सीसीटीवी कैमरो की फुटेज भी खंगाल रही है।

  13 दिन पहले घर में गूंजी थी किलकारी

पुलिस के मुताबिक, जय सिंह कल्याणपुरी के 11 ब्लॉक में परिवार के साथ रहता था। उसकी शादी करीब दो साल पहले गुरप्रीत कौर से हुई थी। करीब 13 दिन पहले ही गुरप्रीत ने एक बेटे का जन्म दिया। नवजात के आने से परिवार में खुशी का माहौल था। बच्चे के नाना बिट्टू सिंह ने इसी खुशी में बुधवार रात अपने घर पर पार्टी रखी थी। जय सिंह भी गुरुग्राम में सरिया बांधने का काम करने के बाद शाम करीब सात बजे घर लौट आया था और पार्टी की तैयारियों में जुट गया। देर रात रिश्तेदार और परिवार के लोग जश्न मना रहे थे। जय सिंह भी अपने ससुर और अन्य रिश्तेदारों के साथ गली में मौजूद था। इसी दौरान चार-पांच किन्नर वहां नवजात के जन्म पर नेग लेने पहुंचे। नेग की रकम को लेकर परिवार और किन्नरों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद हाथापाई तक पहुंच गया।

एक थप्पड़ के बाद निकाला चाकू

आरोप है कि इसी दौरान जय सिंह की ओर से मौजूद किसी युवक ने एक किन्नर को थप्पड़ मार दिया। इसके बाद विवाद और बढ़ गया। किन्नरों के साथ आए चालक सोनू ने अचानक चाकू निकाल लिया और जय सिंह के पेट और सीने पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। जय सिंह को बचाने के लिए उसके ससुर बिट्टू सिंह और चचेरे ससुर गुड्डू सिंह आगे आए तो आरोपी ने उन पर भी चाकू से हमला कर दिया। चाकू लगने से जय सिंह गंभीर रूप से घायल होकर वहीं गिर पड़ा। पार्टी में मौजूद लोगों में चीख-पुकार मच गई। इस वारदात से गुस्साए लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। भीड़ ने सोनू को पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई शुरू कर दी।

हालात बिगड़ने पर बुलाई अतिरिक्त सिक्योरिटी

वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने सोनू को भीड़ के कब्जे से छुड़ाने का प्रयास किया। इससे लोग और भड़क गए। गुस्साई भीड़ ने पुलिसकर्मियों का विरोध करते हुए कई बाइक और एक पुलिस गाड़ी को क्षतिग्रस्त कर दिया। स्थिति बिगड़ती देख वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने कई थानों की पुलिस को मौके पर बुलाया। अतिरिक्त पुलिस बल के साथ सीआरपीएफ के जवान भी वहां पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद लोगों को शांत कराया गया। सोनू को हिरासत में लेकर उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। फिलहाल कल्याणपुरी के 11 और 15 ब्लॉक में पुलिस बल तैनात है।

  अस्पताल में डॉक्टरों ने जय सिंह को मृत घोषित किया

हमले में घायल जय सिंह, बिट्टू और गुड्डू को उपचार के लिए एलबीएस अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां डॉक्टरों ने जय सिंह को मृत घोषित कर दिया, जबकि बिट्टू सिंह और गुड्डू सिंह को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। सोनू भीड़ की पिटाई में घायल हुआ था, जिसका पुलिस हिरासत में जीटीबी अस्पताल में इलाज जारी है। पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त राजीव कुमार ने बताया कि मामले में हत्या समेत अन्य धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। एक किन्नर और सोनू को हिरासत में लिया गया है। बाकी आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

  कड़ी सुरक्षा में हुआ अंतिम संस्कार

हत्या के बाद से कल्याणपुरी के 11 और 15 ब्लॉक में तनाव बना हुआ था। किसी तरह की अप्रिय स्थिति से बचने के लिए पुलिस ने गुरुवार सुबह ही जय सिंह के शव का पोस्टमार्टम करा दिया। पुलिस सुरक्षा के बीच ही शव परिजनों को सौंप कर उसका कोंडली श्मशान घाट पर उसका अंतिम संस्कार करा दिया गया। जिस घर में 13 दिन पहले बेटे के जन्म की खुशियां थी और बधाई गीत गूंज रहे थे, वहां अब मातम पसरा हुआ है। जय सिंह की मां गीता कौर, पत्नी गुरप्रीत कौर और परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों का कहना है कि जयसिंह परिवार का एकलौते आर्थिक सहारा था।

कल्याणपुरी में चार दिन में हत्या की दूसरी वारदात

कल्याणपुरी इलाके में चार दिन के भीतर हत्या की यह दूसरी सनसनीखेज वारदात है। रविवार को 20 ब्लॉक में सफाई कर्मचारी अनिल की चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी। इस वारदात के बाद भी इलाके में काफी हंगामा हुआ था। अब जय सिंह की हत्या के बाद स्थानीय लोगों में भारी रोष है। वहीं पीड़ित परिवार ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार करने और सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

Sumant Chaudhary