Bride Refuses to Take Pheras: पंजाब के फिरोजपुर के गुरुहरसहाय इलाके में शादी से जुड़ा एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां राजस्थान से आई बारात दुल्हन लिए बिना ही लौट गई। दरअसल फेरे होने से पहले दुल्हन ने दूल्हे से शादी करने से साफ मना कर दिया। दुल्हन का आरोप है कि उसे शादी के लिए किसी दूसरे युवक की फोटो दिखाई गई थी, जबकि मंडप में दूसरा लड़का दूल्हे के रूप में पहुंचा।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, मामला जिला फिरोजपुर के गुरुहरसहाय क्षेत्र के गांव टीटू खेड़ा का बताया जा रहा है। शादी की रस्में चल रही थीं और बारात राजस्थान के छतरगढ़ से पहुंची थी। इसी दौरान दुल्हन ने दूल्हे को देखा और शादी करने से मना कर दिया। दुल्हन ने कहा कि रिश्ता तय करते समय उसे किसी और लड़के की फोटो दिखाई गई थी। उसका कहना था कि जिस युवक को शादी के लिए दिखाया गया था, उसकी जगह कोई दूसरा व्यक्ति बारात लेकर आया है। उसने साफ कहा कि वह इस लड़के के साथ अपनी पूरी जिंदगी नहीं बिताना चाहती।
दुल्हन बोली- यह मेरी जिंदगी का सवाल है
वहीं दुल्हन ने आगे कहा कि शादी उसके जीवन का बहुत बड़ा फैसला है। इसलिए वह अपनी मर्जी के खिलाफ शादी नहीं कर सकती। उसका आरोप है कि उसे पहले जिस लड़के की फोटो दिखाई गई थी, मंडप में मौजूद दूल्हा वह नहीं है। दुल्हन के इस फैसले के बाद शादी की रस्में रोक दी गईं और दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया। दुल्हन के अनुसार, ये रिश्ता बिचौलिए ने तय किया था।
वहीं, दूसरी तरफ दूल्हे के परिवार ने इन आरोपों को गलत बताया है। परिवार का कहना है कि रिश्ता दोनों पक्षों की सहमति से तय हुआ था और शादी से पहले मोबाइल फोन पर भी बातचीत होती रही थी। दूल्हे के परिवार का कहना है कि उन्हें लड़की के परिवार और बिचौलिए की ओर से फोटो दिखाई गई थीं।
दूल्हे के नाना ने लगाया धोखे का आरोप
वहीं दूल्हे के नाना महेंद्र बाजीकर ने पूरे मामले में धोखा दिए जाने का आरोप लगाया। उनका कहना है कि परिवार शादी के लिए राजस्थान से पंजाब आया था। उनके मुताबिक, लड़की के परिवार की ओर से शादी के लिए कई तरह की बातें की गईं और पैसों की मांग भी सामने आई। नाना ने आरोप लगाया कि उन्हें और उनके परिवार को शादी के नाम पर परेशान किया गया और बाद में अचानक शादी से मना कर दिया गया। उन्होंने कहा कि इस घटना से परिवार की काफी बेइज्जती हुई है।
वहीं दूल्हे गुरसेवक सिंह ने बताया कि वह अपने रिश्तेदारों के माध्यम से शादी के लिए गुरुहरसहाय पहुंचे थे। उनके अनुसार, दोनों परिवारों के बीच पहले से बातचीत चल रही थी, लेकिन शादी के समय मामला बिगड़ गया। दूल्हे का कहना है कि परिवार को उम्मीद थी कि शादी तय तरीके से पूरी होगी, लेकिन दुल्हन के मना करने के बाद पूरा मामला बदल गया। उन्होंने यह भी कहा कि अगर मामले का समाधान नहीं हुआ तो पुलिस में शिकायत दर्ज कराई जाएगी।
पुलिस जांच से साफ होगी तस्वीर
मामले को लेकर शिकायत और जांच की बात सामने आई है। फिलहाल दोनों पक्ष एक-दूसरे पर आरोप लगा रहे हैं। दुल्हन जहां गलत लड़का दिखाकर शादी कराने का आरोप लगा रही है, वहीं दूल्हे का परिवार खुद के साथ धोखा और आर्थिक नुकसान होने की बात कह रहा है।
अब पुलिस जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि शादी से पहले फोटो किसकी दिखाई गई थी, रिश्ता किन शर्तों पर तय हुआ था और पैसों को लेकर लगाए जा रहे आरोपों में कितनी सच्चाई है।
यह भी पढ़ें: कौमी इंसाफ मोर्चा का 21 अगस्त को ‘पंजाब बंद’ का आह्वान, जानें क्या रहेगा खुला और क्या बंद



Download Android App
Download iOS App




