Hisar Court Firing: हरियाणा के हिसार में गुरुवार दोपहर कोर्ट परिसर के बाहर हुई ताबड़तोड़ फायरिंग से हड़कंप मच गया। कोर्ट के मुख्य गेट के सामने दो हथियारबंद हमलावरों ने थुराना गांव निवासी गैंगस्टर विनोद काना को निशाना बनाया। करीब 30 सेकंड तक चली गोलीबारी में विनोद काना की मौके पर ही मौत हो गई। इस हमले में एक अन्य व्यक्ति भी गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसे इलाज के लिए प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, गुरुवार दोपहर करीब पौने तीन बजे कोर्ट परिसर में नॉर्मल आवाजाही चल रही थी। इसी दौरान दो हमलावरों ने विनोद काना पर अचानक फायरिंग शुरू कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हमलावरों ने करीब 15 से 20 फायरिंग की। बताया जा रहा है कि शुरुआत में विनोद काना को कोर्ट के पार्किंग क्षेत्र में निशाना बनाया गया। इसके बाद हमलावर उसका पीछा करते हुए मुख्य गेट की तरफ पहुंचे और वहां भी लगातार गोलियां चलाते रहे। गोली लगने से विनोद काना ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
पकड़ा गया एक आरोपी
घटना के समय कोर्ट परिसर में वकील और अन्य लोग मौजूद थे। प्रत्यक्षदर्शी एडवोकेट सुखदीप ने बताया कि लोग खाना खाने के बाद वापस लौट रहे थे, तभी अचानक गोलियों की आवाज सुनाई दी। कुछ ही सेकंड में पूरे परिसर में अफरा-तफरी मच गई। फायरिंग इतनी तेजी से हुई कि लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। हमलावर वारदात को अंजाम देने के बाद भागने की कोशिश में थे।
घटना के तुरंत बाद मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों और लोगों ने कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने दो हमलावरों में से एक को पकड़ लिया है। वहीं, दूसरा आरोपी मौके से फरार होने में सफल रहा। उसकी तलाश में पुलिस की टीमें अलग-अलग स्थानों पर दबिश दे रही हैं। प्रारंभिक जानकारी में दोनों हमलावरों के कुख्यात पानू गैंग से जुड़े होने की बात सामने आ रही है। हालांकि, पुलिस की ओर से इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
हिसार में नाकाबंदी, पुलिस ने बढ़ाई निगरानी
पुलिस इस हत्याकांड को गैंगवार से जोड़कर भी जांच कर रही है। शुरुआती जांच में पुरानी दुश्मनी और गैंग से जुड़ी रंजिश होने का दावा किया जा रहा है। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर हमले की पूरी साजिश और उसके पीछे शामिल लोगों की जानकारी जुटाने में लगी है।
फायरिंग की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भारी बल के साथ कोर्ट परिसर पहुंचे। पूरे इलाके को पुलिस ने अपने नियंत्रण में लेकर जांच शुरू कर दी। जिले की सीमाओं और प्रमुख रास्तों पर नाकाबंदी कर वाहनों की जांच की जा रही है। पुलिस फरार आरोपी की तलाश के साथ-साथ घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है।
यह भी पढ़ें: करनाल में ट्रक-बाइक की जोरदार टक्कर, ड्यूटी खत्म कर लौट रहे रिफाइनरी कर्मचारी की मौत, चालक फरार



Download Android App
Download iOS App




