बिहार के पूर्वी चंपारण जिले से एक ऐसी खबर सामने आई है, जिसने रिश्तों को शर्मसार कर दिया है। यहां एक बेटे ने महज 45 हजार रुपयों के लालच में अपनी मां की हत्या कर दी। इसके बाद उसने पुलिस को गुमराह करने के लिए मां की हत्या को चार अपराधियों द्वारा हमला किए जाने की झूठी कहानी गाढ़ी थी। लेकिन पुलिस ने आरोपी का पर्दाफाश कर दिया। हत्या के 12 घंटे के अंदर पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही वारदात में इस्तेमाल किया गया खून से लथपथ चाकू समेत कई सामान बरामद किए हैं।
पति ने दर्ज कराई लूट और अपहरण की शिकायत
पुलिस के अनुसार, 19 अगस्त को मृतका के पति झुमन मियां ने हरसिद्धि थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि 18 अगस्त की दोपहर उनकी पत्नी नजमा खातून बेटे आलम हुसैन के साथ अरेराज बैंक से 45 हजार रुपये निकालकर मोटरसाइकिल से घर लौट रही थीं। इसी दौरान खोरी-पाकर चिमनी के पास चार बदमाशों ने उन्हें रोककर मारपीट की और नजमा खातून को पैसों समेत अगवा करके ले गए।
कैसे रची वारदात की साजिश?

इसके बाद पुलिस ने मृतका के बेटे आलम हुसैन से पूछताछ की। आलम हुसैन ने पहले अपने दोस्त से बाइक ली और उसपर बैठाकर ले गया। मां ने जीविका समूह से पैसे निकाले थे। उसके शरीर पर गन्ने के पत्तों से कटने के निशान और कपड़ों पर खून के धब्बे मिले। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आलम ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि पहले से ही हत्या की साजिश रची थी।
उसने अरेराज से एक खंजर खरीदा और अपनी मां के सेवराहा पहुंचने का इंतज़ार किया। इसके बाद वह उन्हें मोटरसाइकिल पर बिठाकर खोरी-पाकर चिमनी के पास ले गया, जहां उसने चावल का बोरा गन्ने के खेत में रखे होने का बहाना बनाकर मां को अंदर भेजा और मौका पाकर चाकू से उनकी हत्या कर दी।
चार बदमाशों के हमला करने की कहानी बनाई
आरोपी ने पुलिस को बताया कि हत्या के बाद उसने मां के पास मौजूद रुपये ले लिए और खंजर (डैगर) समेत अन्य सामान गन्ने के खेत में फेंक दिया। इसके बाद घटना को लूट और अपहरण का रूप देने के लिए आरोपी बेटा सड़क पर लेटकर रोने लगा और ग्रामीणों को चार बदमाशों द्वारा हमला करने की झूठी कहानी सुनाई।
आरोपी के घर से खंजर, पैसे और कपड़े बरामद
पुलिस ने तलाशी लेकर आरोपी के घर से 89,650 रुपये, खून लगा खंजर, मृतका और आरोपी की चप्पलें, खून व मिट्टी लगे कपड़े और एक मोबाइल फोन बरामद कर लिया है।
अरेराज के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रवि कुमार ने गुरुवार को बताया कि पुलिस टीम ने वैज्ञानिक और तकनीकी जांच की मदद से सिर्फ 12 घंटे के अंदर इस कत्ल की गुत्थी सुलझा ली और आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
Also Read: हिसार कोर्ट परिसर में गैंगस्टर विनोद काना की गोली मारकर हत्या, 15-20 राउंड फायरिंग से मची भगदड़



Download Android App
Download iOS App




