माचिस मांगने पर हुए विवाद में युवक की चाकू गोदकर ले ली जान

Summary :

West Delhi News : नॉर्थ-वेस्ट डिस्ट्रिक्ट के केशवपुरम इलाके में सिगरेट जलाने के लिए माचिस नहीं देने पर छिड़े विवाद में एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस के मुताबिक झगड़े के दौरान तीन युवकों ने दो लोगों पर हमला किया था। जिसमें भवानी (30) और आशा राम (32) गंभीर रूप से घायल हो गए। वारदात को अंजाम देकर आरोपी मौके से फरार हो गए। घायल को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां डॉक्टरों ने भवानी को मृत घोषित कर दिया, जबकि आशा राम का इलाज जारी है। डीसीपी (नॉर्थ-वेस्ट) आकांक्षा यादव ने बताया कि…

West Delhi News : नॉर्थ-वेस्ट डिस्ट्रिक्ट के केशवपुरम इलाके में सिगरेट जलाने के लिए माचिस नहीं देने पर छिड़े विवाद में एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस के मुताबिक झगड़े के दौरान तीन युवकों ने दो लोगों पर हमला किया था। जिसमें भवानी (30) और आशा राम (32) गंभीर रूप से घायल हो गए। वारदात को अंजाम देकर आरोपी मौके से फरार हो गए। घायल को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां डॉक्टरों ने भवानी को मृत घोषित कर दिया, जबकि आशा राम का इलाज जारी है।

डीसीपी (नॉर्थ-वेस्ट) आकांक्षा यादव ने बताया कि इस बाबत केशवपुरम थाने में केस दर्ज कर लिया गया है। एसीपी आकाश रावत की देखरेख में एसएचओ राजीव मलिक, इंस्पेक्टर यूनुस जावेद, एसआई मुकुल यादव आदि की टीम ने वारदात में शामिल तीनों आरोपियों को पकड़ लिया है। पुलिस ने आरोपियों की पहचान नरेश बहादुर उर्फ नेपाली (19), तरुण (19) और एक नाबालिक किशोर के तौर पर की है। पुलिस ने मुख्य आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल चाकू भी बरामद कर लिया है। चाकू पर खून लगा हुआ था, जिसे सीज कर फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया गया है।

डीसीपी आकांक्षा यादव ने बताया कि गत 15 सितंबर को केशवपुरम थाने में चाकूबाजी की कॉल मिली थी। एसआई मुकुल स्टाफ के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। डीएसआईआईडीसी वाइन शॉप के सामने फुटपाथ पर पुलिस को खून पड़ा मिला। पता चला कि दो घायलों को चाकू लगने के बाद दीपचंद बंधु अस्पताल ले जाया गया है। एक टीम ने घटनास्थल को जांच के लिए सुरक्षा घेरे में लिया, जबकि दूसरी टीम तुरंत अस्पताल पहुंच गई। जहां कन्हैया नगर निवासी भवानी को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। उसकी बाईं पीठ पर गहरा घाव था। वहीं आसाराम उपचाराधीन मिला। उसके निचले बाएं सीने पर चाकू से वार का घाव था। शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। इस बाबत हत्या, हत्या की कोशिश समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई। आरोपियों की धरपकड़ के लिए एसएचओ (केशव पुरम) राजीव मलिक के नेतृत्व में इंस्पेक्टर यूनुस जावेद की क्रेक टीम ने तफ्तीश शुरू कर दी।

मामूली विवाद ने लिया खूनी रूप

पुलिस को तफ्तीश के दौरान पता चला कि भवानी और आशा राम का दो-तीन लड़कों से माचिस मांगने के पर विवाद हुआ था। झगड़े के दौरान दूसरे पक्ष के तीन लड़कों ने भवानी और आशा राम पर कातिलाना हमला कर दिया। मुख्य आरोपी नरेश बहादुर ने दोनों पर चाकू से वार किए। गंभीर चोट लगने से भवानी की मौत हो गई। पुलिस ने लोकल इंटेलिजेंस और तकनीकी जांच के आधार पर वारदात में शामिल आरोपियों की जानकारी जुटाई और उनके ठिकानों पर छापेमारी कर वारदात के कुछ घंटे बाद ही तीनों आरोपियों को पकड़ लिया। फिलहाल पुलिस पकड़े गए दोनों बालिग आरोपियों का पिछला आपराधिक रिकॉर्ड खंगाल रही है।

Sumant Chaudhary