दिल्ली में अवैध हथियार के साथ फोटो लगाने वाला युवक गिरफ्तार

Summary :

सोशल मीडिया पर अवैध हथियार की फोटो से हुआ खुलासा

दिल्ली के गोकुलपुरी थाने की पुलिस ने अवैध हथियार के साथ व्हाट्सएप स्टेटस पर फोटो लगाने वाले युवक विजय को गिरफ्तार किया है। उसके पास से देसी कट्टा और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं। आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार किया और हथियार के स्रोत की जानकारी दी है। मामले में आगे की जांच जारी है।

दिल्ली के गोकुलपुरी थाने की टीम ने सोशल मीडिया व्हाट्सएप स्टेटस पर अवैध हथियार के साथ फोटो लगाने वाले एक युवक को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी विजय को सोमवार को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपी विजय के पास से एक देसी कट्टा और 12 बोर के दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। इस संबंध में थाना गोकुलपुरी में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। उसने हथियार के स्रोत के बारे में भी जानकारी दी है, जिसकी पुष्टि की जा रही है। जांच के दौरान पता चला है कि आरोपी पूर्व में एक लूट के मामले में शामिल रह चुका है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि मामले में आगे की जांच जारी है।

पंजाब के किसान आज करेंगे दिल्ली कूच, हरियाणा में रोके जा सकते हैं प्रदर्शनकारी

थाना गोकुलपुरी में सोमवार को जेजे क्लस्टर समिति के एक सदस्य की तरफ से संजय कॉलोनी के निवासी द्वारा अपने व्हाट्सएप स्टेटस पर अवैध हथियार के साथ फोटो लगाने की सूचना दी गई। इस सूचना के आधार पर गोकुलपुरी के एसीपी के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष गोकुलपुरी निरीक्षक परवीन कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। इस टीम में हेड कांस्टेबल अनिल, अनुज और सिपाही रोहित, प्रवीन और हितेश शामिल थे।

बता दें कि दिल्ली पुलिस आयुक्त के निर्देश पर संवेदनशील झुग्गी-झोपड़ी (जेजे) क्लस्टरों में अपराध पर अंकुश लगाने, उभरते अपराधियों की पहचान करने और अवैध गतिविधियों की निगरानी के लिए जेजे क्लस्टर समितियों का गठन किया गया है। इसी क्रम में गोकुलपुरी स्थित संजय कॉलोनी क्षेत्र में एक समिति का गठन किया गया था, जिसके जरिए इस घटना के बारे में जानकारी मिली।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.