नई दिल्ली : दिल्ली के सरकारी स्कूलों में मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल के नाम से भेजे गए पत्र को लेकर दिल्ली प्रदेश भाजपा ने एक बार फिर दिल्ली सरकार और आम आदमी पार्टी को कटघरे में खड़ा किया है। प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी ने इसे राजनीतिक फायदे के लिए स्कूली बच्चों के भविष्य से खिलवाड़ करार देते हुए आम आदमी पार्टी की मान्यता रद्ध करने की मांग की है।
दिल्ली सरकार वोटों की फसल काटने के लिए झूठे दावे कर रही। संवैधानिक पद पर आसीन मुख्यमंत्री का यह कदम काफी दुर्भाग्यपूर्ण और बेहद निंदनीय है। उनका कहना है कि सरकार निजी फायदे के लिए सरकारी डाटा का दुरुपयोग कर रही है, जिसे वह चुनाव आयोग के सामने फिर उठाएंगे। मुख्यमंत्री पत्र से अभिभावकों और बच्चों को गुमराह करके सिर्फ अपना उल्लू सीधा करना चाहते हैं, जबकि कोई भी राजनीतिक पार्टी इस तरह बच्चों की जानकारी अपने राजनीतिक हित के लिए इस्तेमाल नहीं कर सकती है।
उन्होंने मुख्यमंत्री पर वादा पूरा न करने का भी आरोप लगाया और कहा कि दिल्ली सरकार अपने चुनावी घोषणा पत्र में 500 नए स्कूल और 20 कॉलेज बनाने का वादा किया था, लेकिन एक भी नहीं बन सका है।


Download Android App
Download iOS App



