नई दिल्ली : अपनी विभिन्न मांगों को लेकर गत कई माह से धरना-प्रदर्शन कर रहे दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) के अनुबंधित कर्मचारियों ने चुनावी माहौल में आप और सरकार के विरोध का नया तरीका निकाला है। रविवार को लोकसभा चुनावों की घोषणा के साथ प्रदर्शन कारी डीटीसी कर्मियों ने दिल्लीभर में अपने-अपने घरों के बाहर आप और दिल्ली सरकार के विरोध वाले पोस्टर लगाये हैं।
जिनमें लिखा है ‘यह एक डीटीसी कर्मचारी का घर है, कोई आम आदमी पार्टी का कार्यकर्ता या उम्मीदवार इस घर में चंदा या वोट मांगने ना आए’। गौर करने वाली बात यह है कि इस पोस्टर के नीचे बाउंसर की तस्वीर भी लगायी गई है। इस बारे में डीटीसी कर्मचारी एकता यूनियन के अध्यक्ष बाल्मीकि झा और कार्य कारिणी अध्यक्ष मनोज शर्मा ने बताया कि रविवार को लगभग 800 कर्मचारियों ने अपने-अपने घरों पर इस प्रकार के पोस्टर लगाए हैं।
इनके माध्यम से हम अपना दुख सरकार और आम लोगों तक पहुंचाना चाहते हैं। डीटीसी कर्मचारियों ने अन्य विभागों के कर्मचारियों से भी अपने घरों के बाहर ऐसे ही पोस्टर अपने घर के बाहर लगाने का निवेदन किया है। उपाध्यक्ष ललित कुमार ने बताया कि अन्य विभागों के कर्मचारी भी ऐसे ही पोस्टर अपने घरों के बाहर लगाएंगे तो यह आंकड़ा लगभग एक लाख घरों से उपर जायेगा।


Download Android App
Download iOS App



