नई दिल्ली : लोकसभा चुनाव 2019 के परिणामों का स्वागत करते हुए आम आदमी पार्टी (आप) ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को बधाई दी है। साथ ही आम आदमी पार्टी ने नरेन्द्र मोदी को दोबारा प्रधानमंत्री बनने पर भी बधाई दी है। आम आदमी पार्टी के मुख्य प्रवक्ता सौरभ भारद्वाज ने पार्टी की तरफ से भाजपा एवं पीएम नरेन्द्र मोदी को बधाई देते हुए कहा कि प्रजातंत्र में जनादेश सबसे पवित्र माना जाता है।
आज जो भाजपा को जनादेश मिला है,पार्टी उसे सर आंखों पर रखती है, इसका सम्मान करती है। मैं अपनी पार्टी की तरफ से भाजपा को बधाई देता हूं और हम नरेन्द्र मोदी को दोबारा प्रधानमंत्री बनने की शुभकामनाएं भी देते हैं। भारद्वाज ने आगे कहा कि आम आदमी पार्टी आशा करती है कि मोदी जी अच्छे काम करेंगे। वहीं ईवीएम को लेकर गड़बड़ी के सवाल पर भारद्वाज ने कहा कि मैं एक पंक्ति में शुभकामनाएं दूं और दूसरी पंक्ति में उस जनादेश पर सवाल उठाऊं, यह मुझे कतई शोभा नहीं देता।
मिलकर काम करे केंद्र सरकार
उन्होंने कहा कि आज का दिन हम केवल भाजपा और नरेन्द्र मोदी जी को बधाई देते हैं और हम चाहते है दिल्ली सरकार केन्द्र सरकार के साथ मिलकर दिल्ली वालों के लिए अच्छे काम करें, दिल्ली वालों के लिए अच्छे दिन आएं। आगामी दिल्ली विधानसभा के चुनावों को लेकर पूछे जाने पर भारद्वाज ने कहा कि दिल्ली में लोग लोकसभा एवं विधानसभा में अलग-अलग पैरामीटर पर वोट करते हैं। दिल्ली में जो काम दिल्ली सरकार ने काम किये हैं, उनके आधार पर विधानसभा चुनाव लड़े जाएंगे। लोग उन्हीं के आधार पर वोट करेंगे। हमें पूरी उम्मीद है कि लोग हमारे काम को समझेंगे।


Download Android App
Download iOS App



