आप-कांग्रेस ने जनता को गुमराह किया : डॉ. हर्षवर्धन

Summary :

हर्षवर्धन ने दिल्ली सरकार की पिछली कांग्रेस और वर्तमान आप सरकार पर राजधानी में अनधिकृत कॉलोनियों को नियमित करने के मुद्दे पर दिल्ली भाजपा कार्यालय में संवाददाता सम्मेलन के दौरान निशाना साधा।

नई दिल्ली : केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री एवं सांसद डॉ. हर्षवर्धन ने गुरुवार को दिल्ली सरकार की पिछली कांग्रेस और वर्तमान आम आदमी पार्टी सरकार पर राजधानी में अनधिकृत कॉलोनियों को नियमित करने के मुद्दे पर दिल्ली भाजपा कार्यालय में संवाददाता सम्मेलन के दौरान निशाना साधा। 
इस अवसर पर दिल्ली भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी, राज्यसभा सांसद विजय गोयल, सांसद मीनाक्षी लेखी, रमेश बिधूड़ी, प्रवेश वर्मा, गौतम गंभीर और हंसराज हंस मौजूद रहे। केन्द्रीय मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने कहा कि कांग्रेस और आप पार्टी, दोनों ने अनधिकृत कॉलोनियों में रहने वाले गरीब लोगों के साथ विश्वासघात किया। 
इन पार्टियों ने हर बार चुनाव से पहले जनता को कॉलोनियां नियमित करने के वायदे का लॉलीपाप दिखाया, लेकिन यह वादा कभी पूरा नहीं किया। उन्होंने कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री का पूरी तरह पर्दाफाश हो गया है क्योंकि उनके प्रशासन के सिद्धांत, ढकोसलों पर आधारित हैं। डॉ. हर्षवर्धन ने जोर देकर कहा कि केजरीवाल ने लोगों का विश्वास तोड़कर दिल्ली की जनता को गुमराह किया है। डॉ हर्षवर्धन ने कहा कि यह बड़े दुख का विषय है कि इन पार्टियों ने अपने-अपने चुनाव घोषणा पत्र और 2015 चुनाव-पूर्व एजेंडे में झूठे दावे किए, लेकिन जब इन पार्टियों को जीत मिली तो उन्होंने अपने वायदों पर मूक बनकर चुप्पी साध ली। 
आम आदमी पार्टी सरकार ने हाल ही में झूठे एवं निराधार बयान जारी कर आरोप लगाया कि ‘मोदी सरकार अनधिकृत कॉलोनियों को नियमित करने के विचार के खिलाफ है’ और ‘अगर भाजपा केन्द्र में फिर सत्ता में आई तो वह अनधिकृत कॉलोनियों को गिरा देगी।’ कांग्रेस सरकार 2007-2013 में अनधिकृत कॉलोनी को नियमित करने में बुरी तरह असफल रही थी। उन्होंने भी सीमाओं का रेखांकन/पुष्टि नहीं की। 
उन्होंने कहा कि दरअसल,2008 में संशोधित विनियमों के अंतर्गत कांग्रेस सरकार ने प्रोविजनल सर्टिफिकेट जारी किए। हालांकि उनका एकमात्र उद्देश्य राजनीतिक फायदा उठाना था। सच्चाई तो यह है कि राजनीतिक फायदा उठाने के उद्देश्य से ये संशोधन किए गए थे। यह प्रक्रिया कॉलोनी नियमित करने के आदेश जारी किए जाने से पहले की जानी थी।

Desk Team