दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए आप ने संजय सिंह को बनाया प्रभारी

Summary :

आप ने कहा स्वयंसेवी स्वास्थ्य, शिक्षा, बिजली और जलापूर्ति क्षेत्र में दिल्ली सरकार के कामकाज की जानकारी घर-घर तक पहुंचाएंगे।

आम आदमी पार्टी (आप) ने गुरुवार को अपने वरिष्ठ नेता संजय सिंह को दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए प्रभारी नियुक्त किया। ‘आप’ समन्वयक अरविंद केजरीवाल की अध्यक्षता में राजनीतिक मामलों की समिति की हुई बैठक में राष्ट्रीय सचिव पंकज गुप्ता को चुनाव अभियान का प्रचार निदेशक नियुक्त किया गया। 
संजय सिंह और गुप्ता को बधाई देते हुए केजरीवाल ने कहा कि गत पांच साल में आप सरकार ने खुद को ‘क्रांति’ साबित किया है। उसने लोगों में उम्मीद पैदा की है कि यह संभव है।’’ उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘आज तक चुनाव जाति धर्म जैसे मुद्दों पर लड़े गए। ये चुनाव कामों पर लड़ा जाएगा। 

पहली बार कोई पार्टी कह रही है कि हमने आपकी ज़िंदगी सुधारी, इसलिए वोट दो।’’ ‘आप’ की ओर से जारी बयान में कहा गया, ‘‘आप, दिल्ली विधानसभा चुनाव अपनी सरकार के ऐतिहासिक कामकाज के आधार पर लड़ेगी जिसने चहुमुंखी विकास से राष्ट्रीय राजधानी की तस्वीर बदल दी है।’’ आप ने कहा स्वयंसेवी स्वास्थ्य, शिक्षा, बिजली और जलापूर्ति क्षेत्र में दिल्ली सरकार के कामकाज की जानकारी घर-घर तक पहुंचाएंगे। 

Desk Team